
गरीब सवर्णो को भी आरक्षण केलिए सभी दलों के सभी वर्ग के नेताओं से समर्थन मांगेंगे ऋषि मिश्रा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अगड़ी जातियों को आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग को लेकर जदयू नेता एवं जाले विस के पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा ने मोर्चा खोल दिया है । जदयू नेता ने कहा की अगड़ी जातियों में बहुत लोग गरीब हैं। उन गरीबों को भी समाज की मुख्य धारा में लाने की जरूरत है । वे तभी आगे आएंगे जब उन्हें आरक्षण का लाभ मिले। जब केंद्र सरकार इतने आर्डिनेंस ला सकती है तो फिर अगड़ी जाति के गरीब लोगों की भलाई के लिए संविधान में बदलवा क्यों नहीं कर सकती ?
उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दल लोजपा के नेता रामविलास पासवान भी गरीब सवर्णों के आरक्षण के हिमायती हैं। उन्होंने तो अगड़ी जाति के गरीब लोगों को 15 फीसदी आरक्षण देने की मांग की है। भाजपा के सांसद डॉ. सीपी ठाकुर भी इस आरक्षण की मांग करते रहे हैं। इसी तरह वे सभी दलों के पिछड़ा-अतिपिछड़ा-दलित नेताओं से मिलकर भी उनका समर्थन मांगेंगे। श्री मिश्रा ने कहा कि वे वर्तमान आरक्षण के विरुद्ध नही हैं। पर यदि अध्यादेश लाया जा सकता है तो संविधान संशोधन कर 50 प्रतिशत आरक्षण को जरूरत पड़ने पर 60 प्रतिशत करके भी गरीब सवर्णो को आरक्षण दिया जा सकता है।
जदयू के पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा ने कहा की इस मुद्दे पर वे जल्द ही सीएम नीतीश कुमार से मिलेंगे, और मांग करेंगे कि अगड़ी जाति में जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उनकी सरकार मदद करे। जबतक समाज का हर तबका आगे नही बढ़ेगा देश आगे नही बढ़ सकता। इसके लिए वे केंद्र सरकार को भी पत्र लिखेंगे।
पूर्व विधायक ने कहा की वे पार्टी फोरम पर भी अपनी बातें रखी हैं और आगे भी रखेंगे। एक राजनेता के तौर पर हम एक चुनाव जीतते हैं तो अगले चुनाव के बारे मे सोचते हैं। उसी तरह से हम आने वाली पीढ़ी के भविष्य के बारे मे सोचें । यह सभी लोगों का कर्तव्य है। श्री मिश्रा ने कहा कि हमारे नेता व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोशल जस्टिस में विश्वास करने वाले हैं। हमें उम्मीद है कि मेरे इस सवाल पर वे गंभीरता पूर्वक विचार करेंगे।

