
दरभंगा पुलिस ने शराब की अबतक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी! Voice of Darbhanga
दरभंगा: दरभंगा जिले की पुलिस ने ट्रक पर लदे 350 कार्टून शराब की बोतल पकड़ी है जिसे अबतक की सबसे बड़ी खेप बतायी जा रही है। हायाघाट थाना क्षेत्र के हथौड़ी चेक पोस्ट के पास पुलिस ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदे ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक सवार एक धंधेबाजे को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
ट्रक से पुलिस ने विदेशी शराब के 350 कार्टन बरामद किए। बरामद शराब की मात्रा 3150 लीटर बतायी जा रही है। पुलिस का दावा है कि यह जिले में शराब बरामदगी की सबसे बड़ी खेप है। गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र के भूपतपुर निवासी उपेन्द्र महतो के पुत्र रणविजय कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। अन्य धंधेबाजों के गिरेबान तक पहुंचने के लिए पुलिस मोबाइल फोन को खंगाल रही है। बुधवार को लहेरियासराय थाना में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी कि धंधेबाज राज्य के बाहर से शराब की बड़ी खेप लेकर दरभंगा जिले में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ अनोज कुमार की नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर हथौड़ी चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। हायाघाट थाना की पुलिस भी वहां मुस्तैद थी। एसएसपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान समस्तीपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक पर पुलिस की नजर पड़ी। ट्रक पर पंजाब का नम्बर था। इसे देखकर ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस पर नजर पड़ने पर ट्रक खड़ा कर चालक व उसपर सवार व्यक्ति ने फरार होने का प्रयास किया। अंधेरा का लाभ उठाते हुए चालक फरार हो गया। कारोबारी को खदेड़ कर पुलिस ने दबोच लिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार धंधेबाज रणविजय ने पुलिस को बताया कि ट्रक से समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र के चकवाखर गांव निवासी अजीत कुमार सिंह, पंकज कुमार साह एवं ओम प्रकाश ने पंजाब से शराब मंगायी थी। इनलोगों ने उसे लहेरियासराय तक ट्रक पहुंचाने का जिम्मा दिया था। उनलोगों ने कहा था कि लहेरियासराय में एक व्यक्ति मिलेगा। ट्रक उसके हवाले कर तुम्हें वहां से वापस लौट जाना है।
रणविजय ने बताया कि वह खानपुर में ट्रक पर चढ़ा था। लहेरियासराय में लदा ट्रक किस व्यक्ति के हवाले करना था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। एसएसपी ने बताया कि मामले में रणविजय, अजीत कुमार सिंह, पंकज कुमार साह, ओम प्रकाश के अलावा ट्रक मालिक व चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई है। बचे हुए नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।


