Home मुख्य पुलिस द्वारा लगातार भारी मात्रा में शराब बरामदगी से सामने आ रही शराबबन्दी की असली तस्वीर! Voice of Darbhanga
मुख्य - August 23, 2018

पुलिस द्वारा लगातार भारी मात्रा में शराब बरामदगी से सामने आ रही शराबबन्दी की असली तस्वीर! Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा पुलिस इन दिनों लगातार रिकॉर्ड तोड़ शराब बरामदगी कर जहाँ अपनी तत्परता का परिचय दे रही है, वहीं कहीं न कहीं शराब बंदी कितना कारगर है और शराब माफियाओं में इसका कितना डर है, इसका पोल भी खुल रहा है। लगातार शराब की बरामदगी जारी है जिससे कहीं न कहीं माफियाओं में खौफ नही होने का संकेत तो मिलता ही है।
गुप्त सूचना के आधार पर एसएसपी मनोज कुमार ने शराब बरामदगी मामले में एक ही दिन के अंदर अपनी उपलब्धि के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सिंहवाड़ा थाने क्षेत्र के भरवाड़ा में शिवजी साह की दाल मिल में छापेमारी कर अब तक के सबसे बड़ी शराब की खेप को पकड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शराब की मात्रा इतनी अधिक थी की बोतलें गिनती करने में पुलिस वालों को बुधवार की पूरी रात लग गई। अंतिम कार्रवाई करते गुरुवार को कई घंटे का समय लग गया। एक दिन पूर्व ही एसएसपी कुमार ने हायाघाट के हथौड़ी चेक पोस्ट के पास से समस्तीपुर की ओर से आ रही पंजाब नंबर ट्रक से 3150 लीटर शराब बरामद कर एक कारोबारी को गिरफ्तार किया था। कुछ ही घंटे के बाद पुलिस ने 4647 लीटर शराब दाल मिल के गोदाम से बरामद कर परिसर से तहखाना युक्त राजस्थान नंबर ट्रक आरजे11जीए-3480 सहित एक पिकअप वैन व दो बाइक जब्त को जब्त कर लिया। गिरफ्त में आया ट्रक का उप चालक उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के डेढ़वाड़ा गांव निवासी मोनू पांडेय, शराब का कार्टन उतारने वाला मजदूर सिंहवाड़ा थाने क्षेत्र के भवानीपुर गांव का संतोष चौपाल, पिकअप वैन का चालक व खलासी भरवाड़ा घोड़दौड़ निवासी अजीत महतो एवं विपिन साह शामिल है। जबकि, मिल संचालक शिवजी साह और उसके दोनों पुत्र यशपाल साह एवं गोपाल साह मौके से फरार हो गया। मामले को लेकर पिकअप वैन मालिक व घोड़दौड़ गांव निवासी प्रमोद साह पर प्राथमिकी दर्ज कर खोज तेज कर दी गई है। जब्त किए गए तहखाना युक्त ट्रक व दो बाइक के मालिक पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, नाम व पता अभी मालूम नहीं चल पाया है। इसका सत्यापन कराया जा रहा है। एसएसपी कुमार ने बताया कि शिवजी साह अपने दाल मिल में शराब से भरी ट्रक मंगाया था। जिसे वह अपने गोदाम में अनलोड करा लिया। इसके बाद उसे पिकअप व अन्य वाहन के सहारे सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था। इस बीच की गई छापेमारी में चार को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि, शेष फरार हो गया। उसकी खोज तेज कर दी गई है। गोदाम व अन्य वाहन से हरियाणा निर्मित आरएस कंपनी की 485 कार्टन से 180 एमएल की 11 हजार 808 बोतलें व 375 एमएल की 6 हजार 672 बोतलें शराब मिली। शिवजी साह के गोदाम को बतौर मजिस्ट्रेट व सीओ प्रवीण कुमार पांडेय की मौजूदगी में सील कर दिया गया है। छापेमारी में एसएसपी के अलावा डीएसपी अनोज कुमार, इंस्पेक्टर उमेश चन्द्र तिवारी, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

Share

Leave a Reply