
शहर को सील कर अपराधियों के धरपकड़ केलिए चलाया गया तलाशी अभियान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अपराधियों की नकेल कसने व असमाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए शनिवार की सुबह एसएसपी मनोज कुमार के निर्देश पर शहर को चारों ओर से सील कर तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि इस तलाशी अभियान में कोई खास अपराधियों की धरपकड़ तो नही हुई, पर आमजन जाम में फंसकर और जुर्माना भरकर परेशान जरूर दिखे। दिल्ली मोड़, एकमीघाट, विशनपुर सहित अन्य जगहों पर पुलिस के साथ एसएसबी के जवानों ने गुजरने वाले संदिग्ध लोगों की सघन तलाशी ली। दिल्ली मोड़ के अलावा बस स्टैंड पर भारी संख्या में पुलिस बल व एसएसबी के जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली मोड़ से गुजरने वाली बाइक की डिक्की की पुलिस ने तलाशी ली। वहीं मब्बी में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
वहीं दूसरी ओर एकमीघाट के अलावा शोभन में भी करीब दो घंटे तक पुलिस सड़क पर डटी रही। उधर से गुजरने वाले चार चक्के वाहनों के अलावा बाइक की भी सघन तलाशी ली गई। दो दिनों से पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के से असमाजिक तत्वों के बीच दहशत है। हाल के दिनों में लहेरियासराय थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने से पुलिस बैकफुट पर है। अपराधियों व उचक्कों में दहशत पैदा करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चेकिंग के दौरान दिल्ली मोड़ पर पुलिस ने करीब 20 हजार की राशि दंड के रूप में वसूली। कुल मिलाकर दंड के रूप में आज यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों से 57,100 रुपये वसूले गए।

