Home मुख्य 1 सितंबर से 31अक्टूबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 25, 2018

1 सितंबर से 31अक्टूबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य। Voice of Darbhanga

दरभंगा: 1 जनवरी 2018 को जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 1 सितंबर 2018 से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत सबसे पहले 1 सितंबर 2018 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होगा। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, हटाने या उसमें किसी तरह के संशोधन की जरूरत होगी वैसे व्यक्ति 1 सितंबर से 31 अक्टूबर 2018 तक अपने दावा- आपत्ति सम्बन्धी प्रपत्र आने बूथ पर प्रतिनियुक्त नामित पदाधिकारी/बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। चुनाव आयोग के पोर्टल पर भी दावा आपत्ति को ऑनलाइन भेजा जा सकता है। सभी प्राप्त दावा- आपत्तियों का 30 नवंबर से पहले निराकरण कर लिया जाएगा। 4 जनवरी 2019 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वह अपने स्तर पर अपने क्षेत्र के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे इस कार्य में सहयोग प्राप्त करें एवं अधिकाधिक लोगों को का नाम मतदाता सूची में जुड़े इसके लिए कार्रवाई करें । बीएलओ एवं बी एल ए की बैठक एवं उन्हें प्रशिक्षित करने का भी निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने 5 से 10 मतदान केंद्रों के लिए एक पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी को नियुक्त करने का आदेश दिया है, जो मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य का सघन अनुश्रवण करेंगे। लोगों से प्राप्त दावा आपत्ति को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वेबसाइट पर, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय के सूचना पट्ट पर , संबंधित मतदान केंद्र के नोटिस बोर्ड पर और अन्य सार्वजनिक स्थलों प्रकाशित किया जाना है ।
पुनरीक्षण कार्य में सहयोग एवं अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष का भी गठन किया गया है नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272 245412 पर आवश्यक जानकारी ली जा सकती है।संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर एक-एक नामित पदाधिकारी रहेंगे जो संपूर्ण पुनरीक्षण की अवधि में प्रारूप निर्वाचक सूची की प्रति तथा पर्याप्त संख्या में पूर्ण पुनरीक्षण से संबंधित प्रपत्रों के साथ उपलब्ध रहेंगे। नामित पदाधिकारी के द्वारा नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन या अन्य जरूरी प्रपत्र निर्वाचकों को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रतिदिन सही ढंग से भरा हुआ प्रपत्र हुए प्राप्त भी किया जाएगा। नामित पदाधिकारियों को सही तरीके से प्रशिक्षित करने का भी निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि 29 एवं 30 अगस्त को सभी प्रखंडो में बीएलओ, नामित पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी का प्रशिक्षण आयोजित कर लें।
जिलाधिकारी ने सभी वरीय पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वह अपने अपने क्षेत्र में निर्वाचक सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता से क्रियान्वित करावे एवं जिसका निरंतर अनुश्रवण करते रहें।

Share

Leave a Reply