Home मुख्य शहर में पाँच ओवरब्रिज निर्माण पर दिशा निर्देश जारी, फिलहाल चट्टी गुमटी पर नही बनेगा ओवरब्रिज। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 29, 2018

शहर में पाँच ओवरब्रिज निर्माण पर दिशा निर्देश जारी, फिलहाल चट्टी गुमटी पर नही बनेगा ओवरब्रिज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा ट्रैफिक जाम की स्थिति से स्थाई निदान के लिए जिलाधिकारी डॉ चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं अधिकारियों की बैठक समाहरणालय में हुई। आने वाले समय में शहर के विस्तारीकरण एवं उसके अनुरूप आवागमन की समुचित व्यवस्था एवं शहर के सौंदर्यकरण पर भी चर्चा की गई एवं विभिन्न प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार , नगर आयुक्त नागेंद्र सिंह, सहायक समाहर्ता विवेक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश गुप्ता ,पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, यातायात प्रभारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध व्यक्ति शामिल थे।
बैठक में यह बताया गया कि दोनार के पास रेलवे गुमटी नंबर 25, म्यूजियमके पास गुमटी नंबर 26, पंडा सराय के पास गुमटी नंबर 21, दरभंगा मोहम्मदपुर रेल लाइन के बीच स्पेशल गुमटी नंबर 2, तथा बेला से दिल्ली मोड़ गुमटी नंबर 28 पर रेलवे एवं सरकार के बीच रेल ओवर ब्रिज बनाने की सहमति हो गई है। इसपर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चट्टी चौक गुमटी नंबर 23 तथा कंगवा गुमटी से चुना भट्टी गुमटी नंबर 27 के पास रेलवे ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाए।
सड़क आवागमन को और सुगम बनाने के लिए बेंता चौक , नाका नंबर 5 , अलल पट्टी में पारस हॉस्पिटल से होंडा एजेंसी तक, कादराबाद चौक के पास पुराना बस स्टैंड से आजम नगर की ओर पीली मस्जिद तक, मिर्जापुर चौक म्लेच्छ मर्दिनी मंदिर से टेस्टी स्वीट कॉर्नर तक, लोहिया चौक से राजेंद्र प्रसाद चौक तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। डीएमसीएच के पास भी एक फ्लाईओवर बनेगा जिसमें दूर जाने वाले वाहन ऊपर से निकल जाएंगे एवं निकट वाले वाहन नीचे की सड़क से निकलेंगे। डबल लेन में बनने वाला यह फ्लाइओवर नाका नंबर 6 से कर्पूरी चौक तक विस्तृत होगा।
बैठक में सड़क के चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने पर भी विचार विमर्श किया गया । दरभंगा एवं लहरिया सराय में टावर के पास बने गोलंबर के सौंदर्यीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने का भी निर्देश जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को दिया। शहर में जहां-जहां खराब डिवाइडर है उसे हटाकर वहां मजबूत डिवाइडर बनवाने एवं उसमे ऊंचे जाली लगवाने का भी निर्देश दिया गया। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक ट्रॉली की को उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने यातायात थाना के प्रभारी तथा अन्य थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि बस एवं टेंपो निर्धारित पड़ाव स्थल पर ही लगे इसे सुनिश्चित करावे ।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा गया कि फ्लाईओवर निर्माण के लिए तकनीकी रूप से प्रस्ताव बनाकर एक सप्ताह में उपलब्ध करावें जिससे कि उसे सरकार के पास भेजा जा सके। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि पीएचईडी के पाइप बिछाने के क्रम में जहां-जहां रोड को काटा गया है या जहां-जहां पीएचडी का पाइप लीकेज है उसे जल्दी मरम्मत कर दें।

Share

Leave a Reply