
जिलाधिकारी ने सात निश्चय योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद किया जनसंवाद। Voice of Darbhanga

तारडीह प्रखंड के इजरहट्टा पंचायत में जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सात निश्चय के अंतर्गत चल रही योजनाओं का निरीक्षण किया। इजरहटा गांव में उन्होंने पंचायत भवन, हर घर नल का जल एवं पक्की नाली गली से भी संबंधित योजनाओं को देखा एवं संबंधित अधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय जंगली टोला इजरहट्टा का भी भ्रमण किया एवं वहां स्कूली बच्चों से भी बातें की। जिलाधिकारी ने स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कराने का निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा शिक्षकों को दिया । भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी ने आम जनों की समस्याएं भी सुनी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा लोगों की अन्य समस्याओं का निदान त्वरित रूप से करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को दिया ।
जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने सात निश्चय एवं अन्य विकासात्मक तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा भी किया। सात निश्चय की योजनाओं नल का जल एवं पक्की नाली गली के अभिलेखों का उचित तरीके से रखरखाव करने , समय पर मापी पुस्तिका बुक करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि हर योजनाओं को शुरू करने से पहले हर हालत में प्रशासनिक स्वीकृति मिल जानी चाहिए। जिन वार्डों में नई योजनाएं ली जानी है वह जल्दी नई योजनाएं चयन करने का निर्देश दिया गया । चल रही योजनाओं को जल्दी पूरा करने का भी निर्देश जिलाधिकारी ने दिया । उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं में गुणवत्ता को मानक के अनुरूप हर हालत में सुनिश्चित करें। निरीक्षण एवं समीक्षा त्मक बैठक के क्रम में जिलाधिकारी के साथ उप विकास डॉ कारी प्रसाद महतो प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

