Home मुख्य ट्रक और स्कार्पियो की ठोकर में एक की मौत। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 30, 2018

ट्रक और स्कार्पियो की ठोकर में एक की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा-सकरी एनएच 57 पर भालपट्टी ओपी क्षेत्र के अयूबनगर में बुधवार की देर रात बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को अनियंत्रित ट्रक ने ठोकर मार दी। घटना में स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान सकरी थाना क्षेत्र के काजियाना निवासी मो. आशिक के पुत्र मो. मुस्तफा के रूप में हुई है। उसका भाई मो. मुमताज और इजरौठी गांव निवासी अनवारुल हक के पुत्र मो. अस्मत अली गंभीर रूप से जख्मी हैं।

बताया जाता है कि सदर थाना क्षेत्र के फैतुलाह गांव से एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर कुछ लोग बारात में शामिल होने भेड़ियाही गांव गए थे। लौटने के क्रम में अयूब नगर के पास गाड़ी में कुछ गड़बड़ी होने पर उसे सड़क किनारे रोका गया। कुछ लोग नीचे उतरकर गड़बरी ठीक करने लगे जबकि कुछ लोग गाड़ी में ही बैठे रहे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में स्कॉर्पियो में बैठे तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटनाग्रस्त होकर ट्रक भी वहीं पलट गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया। मो. मुस्तफा के गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पीएमसीएच ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ओपी प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि युवक की मौत को लेकर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Share

Leave a Reply