
सहमति के बाद तीन सितंबर से पुनः शुरू हो सकता है सकरी-हरनगर ट्रेन का ठप्प पड़ा परिचालन। Voice of Darbhanga

बेनीपुर: सकरी-हरनगर के बीच रेलवे हॉल्ट के विवाद को लेकर ठप्प रेल सेवा बहाल करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
ज्ञात हो कि सकरी-हरनगर के बीच 17 दिनों से रेल परिचालन ठप है। इसे देखते हुए बेनीपुर अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने रेलवे हॉल्ट को लेकर आंदोलन कर रहे दोनों गांवों के नेताओं से बात-चीत की। अनुमंडल पदाधिकारी ने बैंगनी-नवादा एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों को बुलाकर रेल परिचालन में बाधा नहीं डालने एवं अपने-अपने मांग को जनतांत्रिक तरीके से रेलवे विभाग के समक्ष उठाने का आग्रह किया। इस पर दोनों गांवो के जनप्रतिनिधियों ने लिखित रूप से रेल परिचालन में बाधा नहीं डालने के साथ साथ आंदोलन के तहत रेल को नहीं रोकने का आश्वासन दिया। मौके पर बीडीओ जगत नारायण झा, जिला परिषद उपाध्यक्ष ललिता झा, प्रमुख मनोज मिश्र, आलोक झा टिंकू आदि सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

