
आवास सहायकों के साथ दुर्व्यहार की घटना निंदनीय: राहुल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कठिन परिस्थितियों में अपना कार्य ईमानदारी से करने वाले आवास सहायको को गलत कार्य के लिए दवाब बनाया जाता है। पर यदि आवास सहायक ईमानदारी से कार्य करते रहे तो उन्हें दुर्व्यवहार झेलना पड़ता है और प्रशासनिक चुप्पी भी रहती है।
उपरोक्त बातें जिला ग्रामीण आवास सेवा संघ की ओर से समाहरणालय स्थित धरना स्थल पर सोमवार को आपातकालीन चिंतन बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार पासवान ने कहीं। श्री पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मनीगाछी प्रखंड मुख्यालय पर आवास सहायक के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही संघ को मजबूती प्रदान करने को लेकर कई निर्णय भी लिए गए।
जिला संघ को मजबूती प्रदान करने के लिए 15 दिन पर एक बैठक कर समीक्षा करने पर सहमति बनी एवं जिस प्रखंड में अभी तक प्रखंड कमेटी का गठन नहीं हुआ है उस प्रखंड में दो दिनों के अंदर प्रखंड कमेटी का गठन कर जिले को सूचित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला सचिव ब्रजमोहन कुमार, कोषाध्यक्ष कैलाश कुमार तांती, जिला संयोजक आलोक रंजन, जिला उपाध्यक्ष प्रभाकर आनंद, बच्चा बाबू, लाल देव, बिरौल प्रखंड अध्यक्ष दयानंद पासवान आदि मौजूद थे।

