
एससी एसटी एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज द्वारा आहूत बन्द का दिखा असर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ सवर्ण समाज की ओर से बुलाए गए भारत बंद को गुरुवार को शहर में खासा असर पड़ा। बंद समर्थकों ने शहर के कई चौक-चाराहों को जाम कर दिया जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सड़क के अलावा रेल भी बंद समर्थकों के निशाने पर रही।
भारी संख्या में बंद समर्थकों ने लहेरियासराय स्टेशन के पास चट्टी रेलवे गुमटी पर दरभंगा-नई दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखा। बंद को देखते हुए शहर के अधिकतर निजी स्कूल बंद रहे। बंद समर्थकों ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में काम काज ठप करा दिया। बंद समर्थकों ने दोनों विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभाग को बंद करा दिया। बंद के कारण यातायात की समस्या के मद्देनजर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन ने एलएलबी पार्ट टू और एमबीए दूसरी सेमेस्टर की होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी। बंद समर्थकों के हुजूम को देखते हुए बाकरगंज व लहेरियासराय स्टेशन रोड में दुकानें बंद रहीं।
सवर्ण समाज में शामिल विभिन्न संगठन से जुडे़ कार्यकर्ता सुबह-सुबह ही सड़क पर उतर गए। वे एससी-एसटी एक्ट को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। भारी संख्या में सड़क पर उतरकर सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ता सवर्णों को भी आरक्षण देने की मांग कर रहे थे। बंद समर्थकों ने लहेरियासराय में दारूभट्टी चौक, लहेरियासराय टावर चौक, बलभद्रपुर मोड़, चट्टी चौक, जेल मोड़ के अलावा दरभंगा में खानकाह चौक, मिर्जापुर चौक आदि चौक-चौराहों को जाम कर यातायात ठप कर दिया। बंद समर्थक केन्द्र के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त कर रहे थे।
बंद को लेकर शहर के चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया था। सभी थानों को भी अलर्ट पर रखा गया था। बंद के कारण शहर की सड़कें दिन भर सूनी पड़ी रहीं। सड़कों पर अधिकतर इलाकों में केवल बंद समर्थक नजर आ रहे थे।
बंद के कारण यात्रियों के अलावा मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर इक्के-दुक्के ऑटो चलने से यात्रियों को स्टेशन जाने व स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को घर तक जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। दर्जनों लोग कंधे पर सामान उठाकर पैदल जाते दिखे। वहीं मरीजों को भी अस्पताल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। दरभंगा व लहेरियासराय बस स्टैंड में बसों के इंतजार में दिनभर यात्री वहां फंसे रहे।

