
मिथिला विवि में छात्र संघ का धरना अनशन में बदला। Voice of Darbhanga

दरभंगा : परीक्षा नियंत्रक की बर्खास्तगी की मांग को लेकर छात्र संघ द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन के कारण ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के मुख्यालय में चौथे दिन भी तालाबंदी जारी रही। इस कारण कोई भी कार्य नहीं हुआ, कुलपति मुख्यालय से बाहर हैं। कोई भी अधिकारी या कर्मी कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सके। छात्र संघ धरना के कार्यक्रम को शुक्रवार से भूख हड़ताल में बदल लिया है। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में छात्र संघ के अध्यक्ष सूरज चौधरी, माड़वारी कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष सुजल, स्रातकोत्तर छात्र कुंदन मिश्रा, छात्र संघ के कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, छात्र पृथ्वी चौधरी और विशाल कुमार चौधरी शामिल हैं। वैसे आज विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संघ के बीच कोई वार्ता नहीं हुई।
वैसे सूत्र बताते हैं कि स्रातक द्वितीय खंड के कॉपियों की जांच के दिशा में पहल की गई है, लेकिन छात्र संघ परीक्षा नियंत्रक के बर्खास्तगी की मांग पर अडिग है। इसी बीच विश्वविद्यालय का पक्ष जानने के लिए जब पीआरओ डॉ. एन.के अग्रवाल से पूछा गया, तो उनका जवाब था कि एक दिन का समय छात्र संघ दें और विश्वविद्यालय खोलने दें तो उनकी सभी जायज मांगे पूरी हो जाएगी। परीक्षा नियंत्रक के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस मामले में भी पहल हुई है और कुलपति के मुख्यालय आने पर इस विचार किया जाएगा। इसी बीच शाम में जिला प्रशासन सक्रिय हुई है। अनुमंडल पदाधिकारी सदर, भूमि सुधार उपसमहर्ता और स्थानीय पुलिस बल बज्रवाहन के साथ परिसर में दिखे। सूत्र बताते हैं कि इस संबंध में प्रशासनिक पहल पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

