
शिकायत लेकर पहुँचे फरियादी ने बीडीओ पर लगाया पिटाई का आरोप। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के इटहर गांव के सत्यनारायण राय (35) ने बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु पर जमकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। सत्यनारायण ने इस मामले को लेकर थाने में आवेदन भी दिया है। लेकिन, 24 घंटे बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं किये जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
सत्यनारायण ने बताया कि उन्होंने अपनी पंचायत इटहर में चल रही प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी लेने के लिए एक माह पहले आरटीआई के तहत आवेदन दिया था। इसमें समय सीमा पूरी होने के बाद भी जानकारी नहीं दी गयी। इसी को लेकर वे गत आठ सितंबर को बीडीओ के पास शिकायत लेकर गए थे। लेकिन, आरटीआई का जिक्र करते ही बीडीओ ने कहा कि बिना पूछे अंदर क्यों आए। अभी मेरा फरियादियों से मिलने का समय नहीं है। इतना कहने के बाद वे गाली-गलौज करने लगे और अपने ही गार्ड का डंडा छीनकर बेरहमी से पीटने लगे। सत्यनारायण ने कहा कि पिटाई से मैं चकराकर गिर गया। इसके बाद परिजन मुझे पीएचसी ले गए।
इस घटना के बाद दूर-दराज से आए कई फरियादी भयवश बिना शिकायत किए घर लौट गए। प्रखंड कार्यालय में अफरातफरी मच गई। इधर, सत्यनारायण के परिजनों ने बीडीओ के विरुद्ध स्थानीय थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया। लेकिन, खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी थी। इस संबंध में जब बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु से उनका पक्ष लेने के लिए फोन किया गया तो वह पहुंच से बाहर बता रहा था। वहीं, थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने इस संबंध में कुछ भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।

