
संविदा के आधार पर कार्यपालकों के नियोजन की प्रक्रिया शुरू। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के निर्देश के आलोक में दरभंगा जिला में संविदा के आधार पर कार्यपालक सहायकों के नियोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पद पर नियोजन के लिए प्राप्त आवेदनों की संवीक्षा के उपरांत तथा अभ्यर्थियों से प्राप्त दावा आपत्ति का निष्पादन करते हुए 15749 अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। 334 अभ्यर्थियों के आवेदनों को अस्वीकृत किया गया । आवेदन के अस्वीकृति का कारण सामान्यतया अभ्यर्थियों की उम्र का अधिक या कम होना एवं मैट्रिक या कंप्यूटर डिप्लोमा संबंधी प्रमाण पत्र आवेदन के साथ संलग्न नहीं होना था।
जिन अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत हो गए हैं उनकी लिखित परीक्षा 15 सितंबर को जिला के 27 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा 1 घंटे की होगी जो 15 सितंबर को अपराहन 2:00 से 3:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में 50 वैकल्पिक प्रश्न होंगे । एक प्रश्न के लिए 1 अंक निर्धारित होगा। स्वीकृत आवेदनों से संबंधित एडमिट कार्ड जिला के वेबसाइट https://darbhanga.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी सूची को देख सकते हैं तथा अपना आवेदन पत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं । लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधासूची के अनुरूप 1800 अभ्यर्थियों को कंप्यूटर दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। कंप्यूटर दक्षता परीक्षा भी 50 अंकों की होगी । लिखित एवं कंप्यूटर दक्षता परीक्षा में प्राप्त अंकों के योग के आधार पर 600 अभ्यर्थियों की मेधा सूची का पैनल तैयार किया जाएगा। जिला स्तर पर तैयार इन्हीं पैनल से विभिन्न कार्यालयों की रिक्ति के अनुरूप कार्यपालक सहायकों का नियोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने इस परीक्षा के आयोजन से संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारी समय पर पूरा कर लेने एवं पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ लिखित एवं कंप्यूटर दक्षता परीक्षा के आयोजन का निर्देश दिया है।

