
मिथिला विवि के परीक्षा नियंत्रक पदमुक्त, छात्र संघ ने लगाया था गंभीर आरोप। Voice of Darbhanga

दरभंगा : छात्र संघ के आंदोलन का असर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में दिखने लगा है. सोमवार को परीक्षा नियंत्रक कुलानंद यादव को पद मुक्त कर दिया गया. कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह के आदेश से कुलसचिव एन.के. राय ने अधिसूचना जारी कर दी. यद्यपि अधिसूचना में कहा गया है कि श्री यादव के अनुरोध पर उन्हें तत्काल प्रभाव से विरमित कर दिया गया है और उनकी जगह उप परीक्षा नियंत्रक 2 यू.के. दास परीक्षा नियंत्रक का कार्य करेंगे. ज्ञात हो कि छात्र संघ ने परीक्षा नियंत्रक और डीएसडब्ल्यु बर्खास्तगी को लेकर चार दिनोें को तक विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर दी थी. जिसके बाद वार्ता क्रम में छात्रों के सभी मांगे मानने की बात कही गई थी. विश्वविद्यालय के पीआरओ ने कहा था कि दोनों अधिकारियों पर लगे आरोपों की जांच होगी और जांच मेंं दोषी पाये जाने पर कारवाई होगी, लेकिन बिना जांच के ही आज परीक्षा नियंत्रक को पद मुक्त कर दिया गया. सूत्रों पर भरोसा करें, तो छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दे दी थी कि अगर उनकी मांगो पर कारवाई नहीं हुई, तो मामले को राज्य भवन ले जाएंगे. इतना ही कुलसचिव से वार्ता के क्रम में ही कई आरोप प्रामाणित हो गये थे. विश्वविद्यालय के जानकार लोगोंं का कहना है कि अगर राज भवन से जांच होती तो परीक्षा नियंत्रक तो जाते ही कई और लोग लपेटे में आ जाते और परीक्षा विभाग की कलई खुल जाती. यही कारण है कि बिना जांच के परीक्षा नियंत्रक पद मुक्त कर दिये गये.

