Home मुख्य बुरी आदतें छोड़ने की नसीहत देने पर बेटे ने माँ की ले ली जान। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 11, 2018

बुरी आदतें छोड़ने की नसीहत देने पर बेटे ने माँ की ले ली जान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बुरी आदत व संगत छोड़ने की नसीहत देने पर नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में मंगलवार की सुबह बेटे ने अपनी मां के माथे पर हथौड़े से वार कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। नाजुक हालत में महिला को अललपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान बड़ा बाजार निवासी विनोद कुमार भरतिया की पत्नी कलावती देवी (45) के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्यारे पुत्र राजकुमार भरतिया (20) को गिरफ्तार कर लिया। जिस हथौड़े से उसने अपनी मां के सिर पर वार किया था, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना की सूचना मिलने पर बड़ा बाजार व आसपास के मोहल्लों में सनसनी फैल गई। राजकुमार सीएम कॉलेज में बीए पार्ट वन का छात्र है।
नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद के अनुसार बुरी आदतें छोड़ने के लिए राजकुमार के माता-पिता उसपर बराबर दवाब बनाते थे। इसके चलते पूर्व में भी वह उनलोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा करता था। मंगलवार सुबह करीब पौने नौ बजे उसके पिता विनोद कुमार भरतिया दूध लाने बाजार गए थे। इसी बीच किसी बात को लेकर मां-बेटे मे नोक-झोंक हो गई। इससे आक्रोशित होकर राजकुमार अपनी मां को घर के एक कमरे में जबरन ले गया। कमरा बंद करने के बाद उसने महिला के सिर पर हथौड़े से कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट आने से महिला की हालत नाजुक हो गई। इलाज के क्रम में उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पति विनोद कुमार भरतिया व्यवसायी हैं। उनका एक पुत्र बाहर रहकर सीए की तैयारी कर रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के पति के बयान पर राजकुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Share

Leave a Reply