
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों को प्राथमिकता के तौर पर निपटाने का दिया निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विधि व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। समाहरणालय स्थित एनआईसी के वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल में प्रमंडलीय आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री विनोद कुमार, जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह, पुलिस वरीय पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया एवं विधि-व्यवस्था संधारण तत्संबंधी जिला में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुए इस समीक्षा में भूमि विवादों के समाधान पर सर्वाधिक प्राथमिकता देने को कहा गया । प्रत्येक शनिवार को थाना अध्यक्ष एवं अंचलाधिकारी के द्वारा भूमि विवाद संबंधी बैठक में मामलों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। थानाध्यक्ष एवं अंचलाधिकारी के द्वारा किए गई इस बैठक में हुए प्रगति तथा मामलो के निष्पादन की साप्ताहिक समीक्षा करने की जिम्मेवारी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दी गयी।
पुलिस विभाग के पदाधिकारियों से कहा गया कि आसूचना संकलन तथा लंबित केसों के निष्पादन पर भी विशेष ध्यान दें। पुलिस विभाग में आने वाले आम जनता की शिकायतों का भी प्राथमिकता से निष्पादन करने को कहा गया ।आगामी पर्व त्यौहार के मौसम को देखते हुए सभी जगह शांति समिति की बैठक कर लेने को कहां गया।
आयुक्त श्री मयंक वरवड़े तथा जिलाधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने विडियो कॉन्फ्रेंस में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने हेतु अभी से कार्यवाही शुरु करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एवम पुलिस अधीक्षक को बताया गया कि सड़क दुर्घटना होने एवं अन्य मामलों में कुछ असामाजिक तत्व सार्वजनिक संपत्ति को हानि पहुंचाने लगते हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करें तथा लोगों के बीच जागरूकता भी फैलावें कि वे इस तरह की असामाजिक गतिविधियों में भाग न लें। आगामी पर्व त्यौहार को देखते हुए निरोधात्मक कार्यवाही पर भी ध्यान देने को कहा गया।

