
दरभंगा मेडिकल में रद्द परीक्षा को जल्द कराये जाने की माँग को लेकर तालाबंदी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को एमबीबीएस के पांचवें सेमस्टर की एफएमटी (फॉरेंसिक मेडिसिन) की रद्द परीक्षा जल्द लेने की मांग को लेकर आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार करने के बाद प्राचार्य कार्यालय में ताला जड़ दिया। परीक्षा लेने का निर्णय जल्द नहीं लिए जाने पर छात्रों ने डीएमसीएच इमरजेंसी विभाग में इलाज ठप कर देने की चेतावनी भी दी। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचएन झा ने कॉलेज काउंसिल की बैठक बुलायी। बैठक में आर्याभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय को स्थगित की कई परीक्षा लेने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की जाती है तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कॉलेज के कई शिक्षक छात्रों की मांग को जायज बताते हुए खुल कर सामने आ गए हैं। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए प्राचार्य कार्यालय परिसर में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
कार्यालय में तालाबंदी की खबर मिलने के बाद प्राचार्य डॉ. एसएन झा छात्रों से वार्ता करने परिसर में पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने कहा कि परीक्षा के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से कई महीने से टाल मटोल का रवैया अपनाया जा रहा है। बिना किसी कारण के18 जून को एफएमटी की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा आयोजित करने की बजाय पूरक परीक्षा लेने का दवाब बनाया जा रहा है। उनलोगों ने सवाल किया जब 18 जून को होने वाली परीक्षा को रद्द कर देने की घोषणा 16 जून को ही कर दी गई थी तो उसे दोबारा आयोजित क्यों नहीं किया जा रहा है। छात्रों ने प्राचार्य से मामले को विश्वविद्यालय के समक्ष जोरदार ढंग से उठाने की मांग की ताकि उनलोगों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं हो सके। उनलोगोंे ने प्राचार्य से कहा कि मामले में निर्णय होने तक उनलोगों का आंदोलन जारी रहेगा।

