
हायाघाट के सभी पंचायतों में हुई सरकारी योजनाओं की जाँच। Voice of Darbhanga

दरभंगा: हायाघाट प्रखंड के सभी 14 पंचायत में जिला स्तरीय अधिकारियों ने सात निश्चय के अंतर्गत चल रहे सभी प्रकार की योजनाओं ,विद्यालय, जन वितरण प्रणाली की दुकान , आंगनवाड़ी आदि की जांच किया । निरीक्षण के उपरांत जांच में पाए गए तथ्यों पर जिला अधिकारी के द्वारा हायाघाट प्रखंड मुख्यालय में समीक्षात्मक बैठक की गई। समीक्षात्मक बैठक में सभी जांच पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पंचायत सचिव तथा मुखिया को निर्देश दिया कि जो कार्य शुरू हैं उसे जल्दी पूर्ण करावे। योजनाओं को पूर्ण करने में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मिलकर काम करें । नल जल की योजना के समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि डिलीवरी पाइप को जमीन में 3 फीट गहराई पर लगावें। जिससे पाइप सुरक्षित रहेगा। जंक्शन पॉइंट पर चेंबर जरूर बनाना सुनिश्चित करें। नल जल एवं नाली गली की योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कनीय अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया गया कि योजनाओं के तकनीकी पहलुओं की जानकारी कार्य होने से पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित लोगों को जरूर दे दें ।अगर कहीं काम में कोई कमी हो तो उसे जल्दी सुधार करा दें। जहां-जहां कार्य पूरे हो गए हैं वह मापी पुस्तिका जल्दी तैयार करें। नल-जल की योजना पूर्ण होने के बाद नाली गली से संबंधित नई योजनाओं का चयन करें।
वार्ड क्रियान्वयन समिति के स्तर पर सभी अभिलेखों के उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया । संबंधित पंचायत सचिव तथा कनीय अभियंता से कहा गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन करने से पूर्व प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति जरूर करा लें। कार्य में उदासीनता पर पंचायत सचिव त्रिवेणी यादव से शो कॉज करने का निर्देश दिया गया।
नाली गली की योजना के अंतर्गत गलियों के पक्कीकरण के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय जरूरत के हिसाब से गालियों में पहले ईंट सोलिंग करा दें । जहां पहले से सोलिंग किया हुआ है वहां पीसीसी की योजना लें। छोटे-छोटे कच्चे नाले को प्राथमिकता के तौर पर पक्का बना ले। कम चौड़ाई वाले गलियों में पीसीसी की जगह सीमेंट के पेभर ब्लॉक को प्राथमिकता देने को कहा गया।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को उठाया जिसके जल्दी समाधान करने का निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिन जिन स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित पाए गए हैं उन शिक्षकों का वेतन रोकने तथा शोकॉज करते हुए उन पर कार्रवाई करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। आंगनबाड़ियों में गड़बड़ी पाए जाने पर कारवाई करने के लिए सीडीपीओ से कहा गया।
प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पीएचईडी के द्वारा नल जल का कार्य करना है। उस में कार्य शुरू करने के लिए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता से कहा गया। बैठक में अपर समाहर्ता मोबिन अली अंसारी, उप विकास आयुक्त डॉ कारी प्रसाद महतो, सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, प्रमुख उपप्रमुख एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

