Home मुख्य शांति समिति की बैठक में पर्व त्योहारों में आपसी सौहार्द बनाये रखने का किया निश्चय। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 14, 2018

शांति समिति की बैठक में पर्व त्योहारों में आपसी सौहार्द बनाये रखने का किया निश्चय। Voice of Darbhanga

दरभंगा: आपसी प्रेम एवं सौहार्द दरभंगा की पहचान रही है । सभी लोग मिलकर इसे कायम रखेंगे तथा यहां की गंगा जमुनी तहजीब को और मजबूत करेंगे। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सभागार में शांति समिति तथा मुहर्रम कमेटी के सदस्य एवं गणमान्य ने उक्त बातें कहीं। लोगों ने कहा कि गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा एवं मुहर्रमतथा अन्य त्यौहारों के शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्व की तरह सभी लोग मिलजुलकर काम करेंगे एवं प्रशासन का सहयोग करेंगे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शहर की कुछ महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं से समन्धित समस्याओं से अभी जिला प्रशासन को अवगत कराया। लोगों ने अनुरोध कि जोर-जोर से लाउडस्पीकर एवं डीजे बजाने पर नियंत्रण होना चाहिए तथा दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल लोडिंग पर भी रोक लगाने की जरूरत है। महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी लगाने एवं स्ट्रीट लाइट तथा पेयजल एवं साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया गया। उपस्थित लोगों ने अनुरोध किया कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखने की जरूरत है क्योंकि इससे अनावश्यक अफवाह फैलाई जाती है। संवेदनशील जगहों पर पुलिस की अनवरत प्रतिनियुक्ति करने तथा जुलूस के दौरान यातायात की उचित व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिन जिन विभागों की समस्याएं बैठक में उभरकर सामने आई है वह जल्दी उसे ठीक करा दें । उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को जिला के सभी डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालकों के साथ बैठक उन्हें यह निर्देश देने को कहा कि वह भड़काऊ गाना न बजाएं एवं ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करें। मोहर्रम कमेटी एवं अन्य पूजा समिति के जुलूसों के संदर्भ में कहा गया कि वे पूर्ण रूप से भरा हुआ अपना आवेदन जल्दी जमा कर दें। एसडीओ तथा एसडीपीओ से कहा गया कि वह समय पर जुलूसों का लाइसेंस निर्गत कर दें ।
जिलाधिकारी ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की नजर है। जो भी नियम के विरुद्ध काम करेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। महत्वपूर्ण जगहों पर मेडिकल टीम एवं फर्स्ट एड बॉक्स की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। पीएचईडी एवं नगर निगम के तरफ से पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया। नगर निगम के अधिकारी से कहा गया कि वह साफ सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करें। जहां जहां जरूरत हो चुना तथा ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव करें। सभी महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी लगाने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी जगह पर कोई समस्या हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें। लोग सड़क जाम या अन्य विध्वंसक गतिविधि में शामिल होकर कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने पूर्व के अवसरों पर मुहर्रम कमेटी एवं शांति समिति के सदस्य तथा जिला के प्रबुध्द लोगों के द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की एवं उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स, ब्लैक कमांडो, दंगा नियंत्रण बल, सहित पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल जिला में उपलब्ध है । सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। ट्रिपल लोडिंग पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जबरन चंदा वसूलने वालों पर भी पुलिस की नजर है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर भी साइबर सेल नजर रख रहा है जो भी गलत करने की कोशिश करेंगे उन पर कड़ी कार्यवाही होगी।
बैठक में अपर समाहर्ता मोहम्मद मोबीन अली अंसारी ,सहायक समाहर्ता विवेक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश गुप्ता ,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जिला परिषद अध्यक्ष, शैलेन्द्र मोहन झा, प्रधान जी, रुस्तम कुरैशी सहित शांति समिति तथा मुहर्रम कमेटी के सदस्यगण संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply