
दबंगों द्वारा अनुसूचित जाति के दर्जनों ग्रामीणों को प्रताड़ित करने का मामला आया सामने। Voice of Darbhanga
दरभंगा: यादव समुदाय के दबंगो द्वारा अनुसूचित जाति के लोगो के साथ छुआछूत एवं मारपीट का एक बड़ा मामला सामने आया है। मामला जिले के हायाघाट थानाक्षेत्र के बहपट्टी गाँव का है। शुक्रवार को गाँव के करीब दो दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष इसकी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय में आवेदन देने पहुँचे थे। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि बगल के छतौना गाँव के संजीव यादव, प्रह्लाद यादव, सिकंदर यादव, अरुण यादव, देवेंद्र यादव आदि द्वारा अक्सर उनलोगों के साथ छुआछूत की भावना के कारण रास्ता चलने से रोक दिया जाता है एवं जातिसूचक शब्द से गाली देते हुए मारपीट किया जाता है। इस तरह का भेदभाव वर्षों से होता आ रहा है। परंतु अब इनका आतंक बढ़ गया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इसी तरह इन ग्रामीणों द्वारा नरसारा एवं अम्माडीह के युवक की हत्या भी पूर्व में की जा चुकी है। ऐसे में जब उन्हें भी धमकियां मिल रही तो जानमाल का डर सता रहा है। साथ ही इन दबंगों का असर इतना है कि गत 7 सितंबर को हायाघाट थाना एवं 9 सितंबर को अनुसूचित जाति-जनजाति थाना में आवेदन देने के वाबजूद कोई करवाई नही हुई। तब जाकर उन्हें आज एसएसपी कार्यालय आना पड़ा है।
आवेदन देने वालो में शिवकुमार महतो, चंदन कुमार महतो, अजय कुमार महतो, रघुवीर पासवान, मनीष पासवान, हरिचन्द्र पासवान, वीरेंद्र पासवान, लखपतिया देवी, मण्डुलिया देवी, रतिया देवी, महोखीया देवी, संजीत पासवान, श्यामसुंदर पासवान आदि सहित दो दर्जन से अधिक लोग शामिल थे।


