
बेखौफ लूटेरे लगातार प्रशासन के नाक के नीचे दिनदहाड़े दे रहे हैं लूट को अंजाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दिनदहाड़े मुख्यालय क्षेत्र के नजदीक एक और लूट को अंजाम देकर अपराधियो ने पुलिस को खुलेआम चुनौती देना जारी रखा है और पुलिस फिर नाकाम ही दिख रही है। इनदिनों शायद ही कोई दिन गुजरता हो जब लुटेरे द्वारा लूट की घटना सामने नही आती हो। दूर दराज की बात तो दूर, बल्कि शहर में, वह भी जिला से लेकर प्रमण्डलीय मुख्यालय के अगल बगल में लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं और पुलिस शायद उन्हें पकड़ने में असमर्थ सी नजर आ रही है।
दो दिन पहले डीएसपी कार्यालय के सामने हुए लूट के बाद ताजा लहेरियासराय थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में प्रधान डाकघर के पास मंगलवार की दोपहर बाइक सवार उचक्कों ने रिटायर्ड रेलवे कर्मी राम गणेश चौधरी के एक लाख रुपये भरा झोला झपट लिया। झोला झपटने के बाद वे लोग आराम से फरार हो गए। उन्हें भागते देख श्री चौधरी ने शोर भी मचाया। हालांकि तब तक उचक्के उनकी आंखों से ओझल हो चुके थे।
श्री चौधरी ने बताया कि उन्होंने करीब 12 बजकर 10 मिनट पर पीएनबी की लहेरियासराय शाखा से एक लाख रुपये निकाले थे। रुपये को झोले में रखकर वे रिक्शा से अपने घर गोविंदपुर लौट रहे थे। इसी बीच लहेरियासराय प्रधान डाक घर के पास बाइक सवार दो युवक रिक्शे के बगल से गुजरने के दौरान उनके हाथ से झोला झपटकर फरार हो गए।

