
महिला की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से धराया एटीएम फ्रॉड। Voice of Darbhanga
दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहबाड़ी केबिन चौक स्थित एसबीआई के एटीएम से मंगलवार को राशि निकालने पहुंची महिला की दिलेरी से एक शातिर एटीएम फ्रॉड पुलिस के हाथ लग गया। एटीएम से छेड़छाड़ कर खाते से राशि निकालने का प्रयास कर रहे एटीएम फ्रॉड की सूचना महिला ने अविलम्ब विश्वविद्यालय थाने को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक एटीएम फ्रॉड को कादिराबाद स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम के पास से दबोच लिया। उसके तीन सहयोगियों की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है। गिरफ्तार किए गए फ्रॉड की पहचान मुजफ्फरुपर जिला के बोचहां थाना क्षेत्र के सरवानी चक निवासी राम सूरत सहनी के पुत्र सुबोध कुमार सहनी के रूप में की गई है। महिला के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है।
पूजा कुमारी नामक महिला अपने संबंधी माधव कुमार के साथ राशि निकालने केबिन चौक स्थित एटीएम पहुंची थी। जैसे ही उन्होंने एटीएम में कार्ड डाला, अंदर घुस आए दो उचक्के एटीएम से छेड़छाड़ करने लगे। दो अन्य फ्रॉड एटीएम के बाहर खड़े होकर रेकी करने लगे।
दोनों फ्रॉड की हरकत को देखते हुए महिला बाहर निकल आयी। थोड़ी देर में चारों फ्रॉड बाइक से वहां से निकल गए। उनके जाते ही महिला ने विश्वविद्यालय थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां पहुंचकर छानबीन शुरू की। इसी बीच एटीएम का मेंटेनेंस करने वाली टीम संयोग से वहां पहुंच गई। पुलिस के अनुरोध पर टीम ने एटीएम का सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में पूरा वाक्या सामने आ गया। उचक्के दो बाइक से भंडार चौक की ओर जाते दिखे। फ्रॉड महिला के खाते से सात हजार रुपये निकाल चुके थे।
एटीएम खंगालने के बाद पुलिस उचक्कों की तलाश में निकली। कादिराबाद चौक पर एक उचक्के पर पुलिस की नजर पड़ गई। वह वहां के एटीएम में ग्राहकों को चूना लगाने के फिराक में लगा था। पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार सुबोध कुमार सहनी ने बताया कि उसके साथ उसी के गांव के श्याम सहनी का पुत्र बजरंगी सहनी भी मौजूद था। दो अन्य की जानकारी उसे नहीं हैं। उन्हें लेकर श्याम आया था। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष अजय कुमार झा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीन अन्य फ्रॉड की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार फ्रॉड को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। वहां से उसे न्यायिाक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

