
मोहर्रम को लेकर चप्पे चप्पे पर प्रशासन की नजर, डीएम एसएसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग। Voice of Darbhanga

दरभंगा: आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के माहौल में मुहर्रम के त्यौहार को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने जिला के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर अब तक कि गयी तैयारियों का जायजा लिया। अन्य वरीय पदाधिकारी तथा प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सजगता से ड्यूटी पर तैनात हैं।
जिला के साइबर क्राइम ब्रांच के द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप सहित सभी प्रकार के सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है । अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी । संबंधित थानाध्यक्षों एवं मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया है कि वह जुलूस के साथ चलें। सभी मजिस्ट्रेट के पास वीडियो ग्राफर होगा जो हर क्षण की गतिविधि का रेकार्डिंग करेगा।
विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला में चार क्यूआरटी का गठन किया गया है। क्यू आर टी का प्रभार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को सौंपा गया है। रैपिड एक्शन फोर्स तथा दंगा नियंत्रण बल भी गतिशील रहकर पूरे जिले पर नज़र रखेंगे।
20 सितम्बर से समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष अनवरत रूप से कार्यरत है। यह नियंत्रण कक्ष 23 सितंबर तक कार्यरत रहेगा। इसके दूरभाष संख्या 06272 240 600 पर किसी भी प्रकार की आवश्यक सूचना दी जा सकती है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता मोहम्मद मोबीन अली अंसारी रहेंगे । एक अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष नाका नंबर 5 पर स्थापित की गई है इसके वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त डॉ कारी प्रसाद महतो रहेंगे।
मोहर्रम के अवसर पर सभी पदाधिकारियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। विशेष आवश्यकता पड़ने पर जिलाधिकारी से अनुमति लेकर ही कोई पदाधिकारी मुख्यालय छोड़ सकेंगे । पूरे जिले में चिन्हित 483 स्थानों पर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावे जिला नियंत्रण कक्ष एवं सहायक नियंत्रण कक्ष में भी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे । प्रखंड स्तर पर भी सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह से सजग रखकर मोहर्रम के जुलूस को संपन्न कराएंगे।
सिविल सर्जन को भी निर्देश दिया गया है कि वह फर्स्ट ऐड सहित चिन्हित जगहों पर मेडिकल टीम की उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे। नियंत्रण कक्ष में नगर आयुक्त दरभंगा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल तथा कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल भी उपस्थित रहेंगे।

