Home मुख्य दुर्घटना में मृत युवक के शव के साथ बिरौल-कुशेश्वरस्थान सड़क को किया घण्टों जाम। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 21, 2018

दुर्घटना में मृत युवक के शव के साथ बिरौल-कुशेश्वरस्थान सड़क को किया घण्टों जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कुशेश्वरस्थान-बिरौल मुख्य मार्ग को सतीघाट चौक पर हरौली के लोगों ने शुक्रवार को जाम कर दिया। जाम सुबह से दोपहर तक छह घंटे तक रहा। इस दौरान लोग सड़क हादसे में मरे सुधीर चौपाल की लाश को रोड पर रख कर प्रदर्शन किया। उसके परिजन और आक्रोशित ग्रामीण स्थानीय थाना प्रभारी राशिद परवेज के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लोगों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की।
मालूम हो कि स्टेट हाईवे-56 पर असमा पुल के पास गुरुवार को बोलेरो व बाइक की टक्कर में हरौली निवासी रामचरण चौपाल के पुत्र सुधीर चौपाल (25) की मौत हो गई थी। वहीं, उसके साथ बाइक पर सवार टूना ठाकुर घायल हो गया था। शुक्रवार को आंदोलन में शामिल सुधीर की पत्नी मीना देवी, माता वैदेही देवी, भाई अर्जुन चौपाल, सोमन चौपाल, छोटू सदा सहित अन्य लोगों का आरोप था कि जिस बोलेरो से सुधीर और टूना ठाकुर को ठोकर मारी गई उसके चालक को थाना प्रभारी ने अपने संरक्षण में ले लिया और बाद में भगा दिया।
इतना ही नहीं, टूना ठाकुर को मृतक के साथ एक ही एम्बुलेन्स से डीएमसीएच ले जाया गया। रास्ते में सतीघाट चौक पर सुधीर के भाई और हरौली पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने घायल के साथ डीएमसीएच जाने के लिए एम्बुलेन्स को रोकना चाहा तो उन्हें जाने से मना कर दिया गया। डीएमसीएच जाने की सूचना परिजनों को नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक के गले में सोने की चेन और जेब में नगदी थी, जिसका कोई पता नहीं है। इस संबंध में बिरौल डीएसपी दिलीप कुमार झा ने कहा कि पुलिस बाद में मौके पर पहुंची थी। इससे पहले वहां स्थानीय लोग मौजूद थे। मृतक के परिजनों के सभी आरोप निराधार हैं। पुलिस की देखरेख में मृतक और घायल को डीएमसीएच ले जाया गया था।

Share

Leave a Reply