
राजस्व न्यायालय का निरीक्षण कर लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अपर समाहर्ता, दरभंगा के राजस्व न्यायालय का निरीक्षण किया एवं लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया. बोर्ड आफ रिवेन्यू के अध्यक्ष के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्ता कार्यालय न्यायालय का यह नियमित निरीक्षण था. निरीक्षण में यह पाया गया कि राजस्व न्यायालय में वर्तमान में 269 मामले लंबित हैं. जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को निर्देश दिया कि विशेष सुनवाई कर इन मामलों का जल्दी निपटारा कर दें. निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया. अभिलेखों के उचित रखरखाव का भी निर्देश दिया. सीलिंग, जमाबंदी सुधार, जमाबंदी रद्दी करण, भू हदबंदी, दाखिल खारिज जैसे कई वादों का अवलोकन कर उनके शीघ्र निपटारा का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर अपर समाहर्ता मोहम्मद मोबीन अली अंसारी समेत अपर समाहर्ता न्यायालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे.

