Home मुख्य प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना समाज के हर वर्ग केलिए लाभकारी: प्रभारी मंत्री। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 23, 2018

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना समाज के हर वर्ग केलिए लाभकारी: प्रभारी मंत्री। Voice of Darbhanga

दरभंगा: प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आम जनों के लिए बहुत ही लाभकारी कार्यक्रम है। इस योजना के माध्यम से समाज का हर जरूरतमंद व्यक्ति समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा पाएगा। दरभंगा जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने समाहरणालय स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सभागार में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लॉन्चिंग के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इस योजना से बिहार राज्य के एक करोड़ 8 लाख पात्र लाभार्थी परिवार को प्रत्येक वर्ष ₹5 लाख तक का प्रति परिवार चिकित्सकीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह कोशिश है कि कोई भी गरीब एवं जरूरतमंद परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इस योजना के लाभार्थियों का चयन सामाजिक आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 में निर्धारित पात्रता के आधार पर की गई है पर जिन व्यक्तियों का नाम इस सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना की सूची में नहीं है वैसे व्यक्ति भी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अलग से मानदंड बनाए गए हैं। वैसे परिवार जिनका एक ही कमरे के कच्चे मकान हो या वैसे परिवार जिसमें कोई व्यस्क 16 से 59 आयु वर्ग का न हो अथवा वैसे परिवार जिनकी मुखिया महिला हैं तथा परिवार के कोई सदस्य 16 से 59 आयु वर्ग के नहीं है, वैसे परिवार भी जिन के सभी सदस्य दिव्यांग हैं, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति परिवार तथा भूमिहीन परिवार जिनके सदस्य मजदूरी से जीवन यापन करते हैं। इस तरह के परिवारों का अगर सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना की सूची में नाम शामिल न भी हो तो भी वह इस योजना का फायदा उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संवाददाताओं से बात करते उन्होंने कहा कि इस योजना के बारे में जन जन तक जानकारी पहुंचाने में सभी लोगों को सक्रिय सहभागिता निभाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति अगर सजग होकर काम करेंगे तो इस योजना में कोई गड़बड़ी नहीं हो सकेगी एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसका वास्तविक लाभ पहुंचेगा ।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह योजना स्वस्थ भारत एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बहुत ही प्रभावकारी होगा। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में तो इलाज निशुल्क होगा ही अगर इस योजना के अंतर्गत कोई चयनित लाभुक सूचीबध्द निजी अस्पतालों में भी इलाज करवाता है तो वहां भी उन्हें इलाज के पैसे देने की जरूरत न होगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री  के द्वारा रांची में इस कार्यक्रम के लॉन्चिंग समारोह तथा पटना में माननीय मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्रीगण के संबोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में 10 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना संबंधी गोल्डन कार्ड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक अमरनाथ गामी, संजय सरावगी जीवेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, अर्जुन सहनी, सिविल सर्जन डीएमसीएच के प्राचार्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि गण तथा काफी संख्या में लाभुक एवं अन्य उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply