
विद्यालय में सेंधमारी कर तोड़ी अलमारी और उड़ाए हजारो रुपये। Voice of Darbhanga

दरभंगा: चोर लुटेरों का आतंक शहर में बढ़ता ही जा रहा है। पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित रहते हुए कार्यालय के सामने से तथा प्रमण्डलीय मुख्यालय के अगल बगल से दिनदहाड़े चोरी लूट की घटना होने पर भी पुलिस कुछ नही कर पाती तो निश्चित रूप से अपराधियों का मनोबल बढ़ना लाजिमी है।
ताजा मामले में शहर के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के इमामबारी मुहल्ला के यतीमखाना परिसर स्थित इमामबारी उर्दू मध्य विद्यालय में सेंधमारी कर अलमारी से हजारों रुपए उड़ा लिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि नवमी एवं दसवीं मोहर्रम को दो दिन सरकारी छुट्टी रहने के कारण स्कूल बंद था. रविवार को जब सुबह अपने निर्धारित समय पर स्कूल के हेडमास्टर स्कूल खोलने पहुंचे, तो उन्हें किचन का दीवार टूटा और दीवार से खिड़की के रोड काटे हुए पाए गए और जब मुख्य गेट खोलकर कार्यालय के अंदर गए तो एक गोदरेज की अलमीरा क्षतिग्रस्त एवं कई जगह से कटी हुई पाई गई। इस संबंध में लहेरियासराय थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में प्रधानाचार्य आफताब आलम ने कहा है कि स्कूल परिसर नशेड़ी व असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है और इसको लेकर लहेरियासराय थाने में आवेदन दिया गया था। उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि अलमीरा में मध्यान भोजन का रुपया रखा हुआ था, लेकिन यह रुपया कितना चोरी हो गया है, यह अधिकारियों के आने के बाद ही पता चलेगा।।लहेरियासराय थाना में आवेदन दिया जा चुका है।

