
सात निश्चय योजना के माध्यम से कुशेश्वरस्थान के पिछड़े इलाकों को बनाया जाएगा उन्नत: डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सरकार द्वारा संचालित सात निश्चय सहित अन्य सभी प्रकार के विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की मदद से कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को उन्नत एवं समृद्ध बनाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड केवटगामा पंचायत में सात निश्चय के अंतर्गत चल रही योजनाओं के निरीक्षण एवं लोक संवाद कार्यक्रम के अवसर पर उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यहां के जलजमाव वाले क्षेत्रों में मखाना एवं सिंघाड़ा की खेती के लिए कृषि तकनीको के साथ साथ अन्य स्तर से भी उचित मदद की जाएगी जिससे किसान लाभान्वित हो सकेंगे।
पंचायत अंतर्गत सभी कच्ची नाली एवं गलियों को उन्होंने सात निश्चय के तहत जल्दी पक्की करण कराने को कहा । उन्होंने उपस्थित कनीय अभियंता को निर्देश दिया कि जहां गलियां चौड़ी है वहां कंक्रीट की ढलाई करें । जहां गलियां संकरी है वहां सीमेंट से बने पेविंग ब्लॉक की मदद से गलियों की सड़कों को पक्का बनावे। गांव में जलजमाव की स्थिति एवं जल निकासी के रास्ते में अवरोध करने की शिकायत पर उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जल निकासी की स्थाई व्यवस्था की जाए और जहां जलजमाव है उसे पक्के नाले बनाकर जल के अबाध बहाव को सुनिश्चित किया जाए। पंचायत के भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकार के नियम एवं प्रावधान के अनुरूप जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया गया। विकास मित्र से कहा गया कि ऐसे लोगों की सूची बनाकर सीओ को दें । भूमि सुधार उप समाहर्ता को इसका मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
लोक संवाद में जिलाधिकारी ने आम जनों की समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को उसका त्वरित समाधान समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 3 से 4 महीनों के बाद वे स्वयं इस गांव का भ्रमण करेंगे एवं विकासात्मक कार्यों का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा प्रत्येक परिवार को शौचालय निर्माण कराने के प्रोत्साहन के रूप में ₹12000 की राशि दी जाती है। उन्होंने लोगों को अपने घरों में शौचालय बनाने एवं उसके नियमित उपयोग का आवाहन किया । जिलाधिकारी ने कहा कि 31 दिसंबर तक जिला के सभी घरों में निशुल्क बिजली कनेक्शन कर दिया जाना है। उन्होंने कहा कि कुशेश्वरस्थान प्रखंड के जिन परिवारों में विद्युत कनेक्शन नहीं हुआ है वैसे इच्छुक परिवार अपने अपने घरों में विद्युत कनेक्शन करवा लें ।
लोक संवाद में लोगों ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय के भवन निर्माण की व्यवस्था तथा इसकी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने, जल निकासी के लिए गांव में अवस्थित दोनों पुल को चालू कराने का भी अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को इसे हर हालत में सुनिश्चित करने को कहा। जिन लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने में परेशानी हो रही है उनकी परेशानी दूर करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी कुशेश्वरस्थान पूर्वी को दिया गया।
केवट गामा के दोनों मुख्य सड़क को मनरेगा के तहत मिट्टी भराई तथा ईट सोलिंग कर आवागमन योग्य बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को इसे सुनिश्चित करने को कहा।
केवटगामा के वार्ड नंबर 10 एवं 11 में बने जल मीनारों का जिलाधिकारी ने उद्घाटन किया ।उन्होंने पीएचईडी के कनीय अभियंता से कहा कि जल मीनारों में वोल्टेज स्टेबलाइजर जरुर लगावे।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ,भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी ,प्रखंड प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य, स्थानीय मुखिया एवं काफी संख्या में आमजन तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

