
रोजगार हेतु वाहन खरीद पर पंचायत में तीन एससी-एसटी एवं दो ईबीसी युवक-युवतियों को 50% अनुदान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को शहरों तक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना शुरू की गई है । ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री परिवहन व्यवस्था सुलभ कराने के साथ साथ इस योजना का यह उद्देश्य है कि कमजोर वर्गों के बेरोजगार युवक एवं युवतियों के लिए रोजगार का सृजन हो । इस योजना के अंतर्गत अनुदान की राशि वाहन के खरीद मूल्य के 50% तक अथवा अधिकतम ₹100000 तक होगी । योजना के अंतर्गत 4 सीट से लेकर 10 सीट तक के नए सवारी वाहनों का क्रय किया जा सकता है।
इस योजना का लाभ प्रत्येक पंचायत के पांच योग्य व लोगों को मिलेगा, जिनमें से तीन लाभूक अनुसूचित जाति- जनजाति के एवं दो लाभूक अत्यंत पिछड़ा वर्ग के होंगे। लाभूक की न्यूनतम उम्र सीमा 21 वर्ष होगी। वही व्यक्ति इस योजना के पात्र होंगे जो कहीं सरकारी सेवा में नियोजित नहीं है अथवा जिनका पूर्व से कोई व्यवसायिक वाहन नहीं है। जिस पंचायत के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने के लिए लाभुक आवेदन देंगे उन्हें उस का निवासी होना जरूरी है । लाभुक के पास हल्के मोटरयान के चालक का लाइसेंस जरूर होना चाहिए।
अपने-अपने पंचायतों में इच्छुक आवेदक 27 सितंबर से 22 अक्टूबर तक अपना आवेदन दे सकते हैं। 19 नवंबर को चयन सूची का प्रकाशन होगा। 19 नवंबर से 28 नवंबर तक आपत्ति दिया जा सकता है। तथा अंतिम चयन सूची का प्रकाशन 1 दिसंबर को होगा। वाहन खरीद हेतु चयनित लाभुक अपना आवेदन 10 दिसंबर से दे सकते हैं और आवेदन प्राप्ति के 7 दिनों के अंदर उनके खाते में अनुदान की राशि आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी जाएगी। इच्छुक आवेदक को अपने आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र ,आवासीय प्रमाण पत्र ,शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र ,जन्म प्रमाण पत्र एवं ड्राइविंग लाइसेंस की छाया प्रति लगानी होगी। परिवहन विभाग के वेबसाइट www. transport. bih.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से इच्छुक लोगों को सहजता से इस योजना का लाभ प्रदान करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि इच्छुक आवेदक विशेष जानकारी के लिए जिला परिवहन कार्यालय एवं अपने प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

