
शंटिंग के दौरान दरभंगा-कोलकाता एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतरी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार के दरभंगा में शुक्रवार सुबह एक हादसा हो गया। शुक्रवार की सुबह तकरीबन 5:00 बजे दरभंगा जंक्शन के यार्ड में शंटिंग के दौरान दरभंगा-कोलकाता एक्सप्रेस के तीन जनरल डिब्बे बेपटरी हो गए। उस समय ट्रेन में कोई भी यात्री सवार नहीं था। बताया जा रहा है कि चालक ट्रेन को निर्धारित जगह से अधिक दूर ले गया और पटरी बदलने वाली जगह पर गैप भी अधिक था। मौके पर समस्तीपुर के एडीआरएम जांच के लिए पहुंचे।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:00 बजे शंटिंग के दौरान शंटिंग यार्ड की सीमा से रैक के आगे बढ़ जाने से ट्रेन के तीन कोच पटरी से नीचे उतर गए। एक कोच का एक तरफ का पहिया तथा दो कोच के दोनों तरफ के पहिये पटरी से उतर गये। सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के एडीआरएम संत राम मीणा ने एआरटी मशीन व अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर कमान संभाल ली। एडीआरएम श्री मीणा ने बताया कि जांच के उपरांत दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर दो डिब्बों को पटरी पर चढ़ा दिया गया है तथा तीसरे डिब्बे को भी कुछ देर बाद पटरी पर रख देने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इस ट्रेन के रवाना होने का समय दोपहर 3:45 बजे है। अधिकारियों ने बताया कि परिचालन प्रभावित होने की कोई आशंका नहीं है।

