Home मुख्य प्रभावकारी योजना बनाकर सभी विभाग राजस्व वसूली के लक्ष्य को करें पूरा: डीएम। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 28, 2018

प्रभावकारी योजना बनाकर सभी विभाग राजस्व वसूली के लक्ष्य को करें पूरा: डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा : शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने यहां कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के बचे हुए दिनों के लिए प्रभावकारी योजना बनाकर सभी विभाग राजस्व संग्रहण के लक्ष्य को पूरा करें. जिलाधिकारी आज आंतरिक संसाधन से संबंधित बैठक को संबोधित कर रहे थे. वाणिज्य कर विभाग को निर्देश दिया गया कि जिला के जितने भी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी है, उनका रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें. वाणिज्य कर पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला में 200 डीडीओ हैं पर अभी तक मात्र 40 का ही रजिस्ट्रेशन हुआ है. 30 सितम्बर तक सभी डीडीओ का रजिस्ट्रेशन करा लिया जाना है. जिलाधिकारी ने जीएसटी की शत-प्रतिशत कटौती सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों का सघन प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा. अपर समाहर्ता से कहा गया कि वे इसका अनुश्रवण करें. जिला परिवहन पदाधिकारी को ओवर लोडिंग पर रोक लगाने के साथ-साथ राजस्व संग्रहण पर भी ध्यान देने को कहा गया. खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य विभागों से राजस्व जमा कराना सुनिश्चित करें. जिन कार्य विभागों के द्वारा जीएसटी जा राजस्व जमा नहीं किया जाता है, उन्हें नोटिस करे. जिला के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपना राजस्व संग्रहण बढ़ाएं. जितने भी राजस्व संग्रहण के अवसर हैं उसका प्रयोग करें. विज्ञापन से भी वसूली करना सुनिश्चित करें. बिजली विभाग को त्रुटिपूर्ण बिजली विपत्रों के सुधार पर विशेष ध्यान देने के साथ साथ बिजली के बकायेदारों से भी वसूली करने को कहा गया. माप-तौल विभाग को निर्देश दिया गया कि अन्य दुकानों सहित जन वितरण प्रणाली के शत-प्रतिशत दुकानों के बटखारा एवं माप-तौल संबंधी उपकरण का सत्यापन सुनिश्चित करें. बैठक में उपस्थित मत्स्य, राष्ट्रीय बचत, उद्योग, कृषि, वन विभाग आदि को भी अपने-अपने राज्यों से संग्रहण में तेजी लाने को कहा गया. सभी अंचल अधिकारियों से कहा गया कि वह लगान वसूली के लिए राजस्व कर्मचारियों को अपने अपने हलकों में उपस्थित करवाना सुनिश्चित करें. जिन किसानों का अभी तक मुआवजा भुगतान नहीं हुआ है उसे युद्ध स्तर पर भुगतान कराना सुनिश्चित करें. बैठक में अपर समाहर्ता मो. मोबिन अली अंसारी, सहायक समाहर्ता विवेक रंजन समेत सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सभी अंचल अधिकारी सभी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

Share

Leave a Reply