
प्रखंड से लेकर वार्डों तक बाल संरक्षण समिति की नियमित रूप से हो बैठक : डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा : प्रखंड से लेकर वार्डों तक गठित बाल संरक्षण समिति की बैठक नियमित रूप से की जाय और जहां समिति का गठन नहीं हुआ है, वहां इसका गठन किया जाय. उक्त बातें जिलाधिकारी ने समाहरणालय सभा कक्ष में शनिवार को समाज कल्याण विभाग के तहत बाल संरक्षण के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया में सभी तरह के कानूनी पहलुओं का अनिवार्य रूप से पालन किया जाय. जिलाधिकारी ने कहा कि गोद लेने का कार्य हमेशा कानूनी तौर से ही हो, इसके साथ ही विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्था से हर हाल में संबंधित अधिकारी गोद लेने वाले व्यक्ति सुनिश्चित करें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 6 वर्ष से कम उम्र का बच्चा लावारिश हालत में मिले, तो इसकी सूचना पुलिस या बाल संरक्षण इकाई को आम लोग जानकारी दें. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मानव व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित ठिकानों जैसे बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन आदि पर विशेष निगरानी रखी जाय. वहीं श्रम अधीक्षकों को उन्होंने निर्देश दिया कि हर हाल में बाल श्रम पर रोक लगे. इसके लिए प्रतिष्ठानों और दुकानों में नियमित रूप से छापामारी करें. बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकरी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, लोक अभियोजक, जिला अभियोजन पदाधिकारी के अलावे चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे.

