
स्वच्छता के साथ-साथ बच्चों के पढ़ाई पर दें विशेष ध्यान : जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने आज यहां कहा कि गांव में सरकार के सात निश्चय के अंतर्गत चल रही योजनाओं के वास्तविक स्थिति जानना -समझना एवं आमजनों के समस्याओं को दूर करना ही लोक संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य है। जिलाधिकारी ने दरभंगा सदर प्रखंड के रानीपुर पंचायत के वार्ड नंबर 4 के महादलित टोला में आयोजित लोक संवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों के द्वारा लोक संवाद कार्यक्रम में जितनी तरह की समस्याएं उठाई जाती है उनके समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा गंभीरता से प्रयास किए जाते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह पंचायत में व्याप्त समस्याओं के बारे में बेझिझक बताएं। रानीपुर पंचायत के मुखिया राज कुमार दास ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि रानीपुर पंचायत में एक ट्रांसफार्मर लगवाना सुनिश्चित करें क्योंकि ट्रांसफार्मर न होने से काफी दिक्कतें होती है। जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के सम्बन्धित अधिकारी को आदेश दिया कि वे तुरंत सर्वेक्षण कर आवश्यक संख्या में पोल एवं ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा करें। जिलाधिकारी ने लोगों से आग्रह किया कि जिन लोगों ने अभी तक अपने घरों में विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है वे सरकार द्वारा दिए जाने वाले नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन अपने घरों में करवा लें तथा आगे से समय पर बिजली बिल का भुगतान भी करें। गांव में सड़क की समस्या पर जिलाधिकारी ने मनरेगा या पंचायत में उपलब्ध अन्य फंड से इस सड़क को मरम्मत करा लेने का निर्देश दिया। जल निकासी की समस्या पर जिलाधिकारी ने मुखिया एवं पंचायत के कनीय अभियंता को निर्देश दिया कि जहां नाला का निर्माण संभव नहीं है वहां तीन चार घरों पर एक सोख्ता का निर्माण करवाएं। पंचायत में एक भी उच्च विद्यालय न होने पर जिलाधिकारी ने पंचायत में पूर्व से उपलब्ध मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने का आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि उच्च विद्यालय के लिए एक एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है। स्कूल के बगल में अगर कोई सरकारी भूमि है तो उसे चिन्ह्ति कर स्कूल को ट्रांसफर कराएं अथवा अगर कोई व्यक्ति भूमिदान के इच्छुक हो तो वे स्कूल के लिए अतिरिक्त जमीन का दान भी कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों के पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नल जल की योजनाओं में चबूतरा एवं नल के लिए स्टैंड पोस्ट अवश्य बनवाने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। उन्होंने जिला में चल रहे पोषण अभियान के बारे में भी लोगों को बताया एवं कहा कि बच्चों की शादी कम उम्र में न करें। इस यहीं से कुपोषण की शुरूआत होती है और कुपोषण सभी प्रकार की बीमारियों की जड़ है। जिलाधिकारी ने अस्पताल में ही प्रसव कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन दिलीप कुमार झा, वरीय उप समाहर्ता अनिल कुमार, डीपीआरओ लाल बाबू, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहायक निदेशक रवि शंकर तिवारी, पीएचईडी के सहायक अभियंता रत्नेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी जनप्रतिनिधि तथा काफी संख्या में आम जन उपस्थित थे।

