
करेंट लगने से काम कर रहे एक मजदूर की मौत, दो घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पड़री कब्रिस्तान के पास वुधवार की दोपहर सवा तीन बजे के करीब पुल में काम कर रहे एक मजदूर की बिजली करंट लगने से मौत हो गयी। जबकि करंट लगने से दो मजदूर जख्मी हो गये। मृत मजदूर रंजीत यादव (37) दरभंगा एकमीघाट चांडी के उमेश यादव के पुत्र बताये जाते हैं।
हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गयी। अन्य मजदूरों तथा ग्रामीणों ने रंजीत सहित जख्मी अमरजीत (25) तथा मुन्ना कुमार (30) को ईलाज के लिए घनश्यामपुर सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने रंजीत यादव को मृत घोषित कर दिया। दोनों जख्मी मजदूर मृत मजदूर के ग्रामीण बताये जाते हैं।
प्राप्त सूचना के मुताबिक घनश्यामपुर-लालापट्टी सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ठेका पानेवाली निर्माण कंपनी सड़क तथा इसमें पुल, पुलिया बनाने का काम कर रही है। पड़री-जयदेवपट्टी गांव के बीच पड़री कब्रिस्तान के पास मजदूर पुल ढ़लाई के लिए लोहा बांधने का काम कर रहे थे। बगल से 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार गुजर रही थी। छड़ को खड़ा करने के दौरान वह बिजली के 11 हजार वोल्ट के करंट के संपर्क में आ गया। तेज झटका लगने से दो मजदूर दूर जा गिरे और जख्मी हो गये। जबकि रंजीत सटा ही रह गया एवं उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

