
साथी की पिटाई से आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने ठप की सेवाएं और किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कोतवाली ओपी क्षेत्र के भठियारीसराय के पास बुधवार को उचक्कों ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज के 2015 बैच के एक छात्र की जमकर पिटाई की। उस पर पेचकस से कई बार हमला किया। हमले में छात्र की पीठ पर कई जख्म आए। उचक्कों के चंगुल से निकलकर जख्मी छात्र किसी तरह कॉलेज परिसर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने पर जूनियर डॉक्टरों व मेडिकल छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। जख्मी छात्र को डीएमसीएच के इमरजेंसी में इलाज के लिए दाखिल करने के बाद जूनियर डॉक्टर अनिश्चिकालीन हड़ताल पर चले गए। उनलोगों के साथ मिलकर आक्रोशित छात्रों ने अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के अलावा ओपीडी में ताला जड़ दिया। इलाज के बिना सैकड़ों मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से डीएमसीएच में इंडोर सेवा भी ठप हो गई है। हड़ताल पर जाने के बाद जूनियर डॉक्टर व छात्रों ने कर्पूरी चौक के अलावा नाका नम्बर छह के पास सड़क जाम कर दिया। लोगों को परिसर से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क पर जाने से रोक दिया गया। छात्रों के हंगामे के कारण करीब चार घंटे तक डीएमसीएच परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। हंगामे को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को वहां तैनात कर दिया गया। सदर एसडीपीओ अनोज कुमार छात्रों को शांत कराने वहां पहुंचे। इसके बाद प्राचार्य डॉ. एचएन झा से जूनियर डॉक्टरों व छात्रों की वार्ता हुई। उनलोगों ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती, तब तक उनलोगों की हड़ताल जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार दरभंगा मेडिकल कॉलेज के दो छात्र बाइक से सुबह करीब11 बजे भठियारीसराय से गुजर रहे थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन उचक्कों ने उनपर हमला कर दिया। बाइक पर पीछे बैठा छात्र किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा। बाइक चला रहे छात्र को उचक्कों ने दबोच लिया। किसी तरह बाइक को वहीं छोड़कर वह वहां से भाग निकला। इसकी जानकारी मिलने पर मेडिकल छात्र हाथ में बल्ला व हॉकी स्टिक लेकर सड़क पर उतर गए। उनलोगों ने ओपीडी बंद कराकर वहां आए मरीजों को खदेड़ दिया। कई घंटों तक अस्पताल परिसर में अफरातफरी मची रही।

