
आगामी पर्व त्योहारों को लेकर प्रमण्डल के तीनों जिलों के अधिकारियों के साथ आयुक्त ने की बैठक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: आगामी पर्व त्योहारों के मद्देनजर विधि व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े की अध्यक्षता में प्रमंडल अंतर्गत तीनों जिला के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ प्रमंडलीय सभागार में बैठक हुई। इस बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं संबंधित जिलों के नीलाम पत्र पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षको को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे जिले में विशेष चौकशी बरतें। प्रखंड एवं थाना स्तर पर ससमय शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करा लें। जहां जरूरी हो निरोधात्मक कार्रवाई भी जरूर करें। मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित रूट का पालन एवं लाइसेंस अनिवार्य है। विसर्जन जुलूस में मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की जाए। जिलों में इस अवसर पर स्थापित होने वाले नियंत्रण कक्षों में भी पूरी चौकसी रखें। प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट हमेशा उपस्थित रहे इसे हर हालत में सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने दरभंगा जिला में इन पर्व त्योहारों के अवसर पर की जा रही तैयारियों से प्रमंडलीय आयुक्त को अवगत कराया । पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी उन्होंने की जा रही आवश्यक व्यवस्था के बारे में बताया। अन्य जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षक ने अपने अपने जिला में की जा रही तैयारियों से प्रमंडलीय आयुक्त को अवगत कराया।
चेहल्लुम के अवसर पर भी की जाने वाली तैयारियों को स समय पूरा कर लेने के निर्देश दिए । प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारीयों को निर्देश दिया कि पुलिस के साथ समन्वय कर वाहन चेकिंग पर विशेष ध्यान दें । बैठक में उपस्थित नीलाम पत्र पदाधिकारियों से कहा गया कि विभिन्न डिफॉल्टर व्यक्तियों के पास लंबित सरकारी राशि के वसूली पर विशेष ध्यान दें। जिनके द्वारा सरकारी राशि जमा नहीं की जा रही है उन्हें वारंट भी निर्गत करें ।
बैठक में दरभंगा जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह, मधुबनी के जिलाधिका शीर्षत कपिल अशोक, समस्तीपुर के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह तथा सभी पुलिस अधीक्षक, आयुक्त के सचिव विनय कुमार, सभी जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

