
प्रमंडलीय आयुक्त से आश्वासन मिलने के बाद देर शाम पीजी डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त। Voice of Darbhanga

दरभंगा: प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरबड़े के नेतृत्व में जिला व डीएमसीएच प्रशासन और पीजी छात्र प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। मांगों की पूर्ति के आश्वासन पर मेडिकल छात्रों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। दिन में जिला एवं डीएमसीएच प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों की इमरजेंसी वार्ड में बैठक हुई थी जिसमें इमरजेंसी और ओपीडी खोलने का निर्णय लिया गया था। जबकि पीजी छात्रों ने कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया था। इसके बाद करीब एक बजे दिन से इमरजेंसी वार्ड और ओपीडी में सेवा चालू कर दी गई थी। वार्ता में निर्णय लिया गया कि कर्पूरी चौक पर लोहे का गेट लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छात्रों की पिटाई करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी होगी। लेकिन कार्य बहिष्कार के मुद्दे पर जारी गतिरोध का समाधान शाम में आयुक्त के नेतृत्व में हुई बैठक में निकला। जेडीए अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि बैठक में आयुक्त द्वारा उनकी दो मांगों की पूर्ति का आश्वासन दिया गया है। वे लोग रात से काम पर लौट गए हैं। प्राचार्य डॉ. एचएन झा और अधीक्षक डॉ. आरआर प्रसाद ने बताया कि प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक के बाद सभी पीजी डॉक्टर काम पर लौट गए हैं। डेढ़ माह के भीतर एक लोहे का गेट कर्पूरी चौक पर लगा दिया जाएगा। जबकि छह नाका के पास बैरियर लगा रहेगा। वर्तमान में यात्री टेम्पो और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक शुरू कर दिया गया है। महिला पुलिस की तैनाती गर्ल्स छात्रावास पर की गई है। आने जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इस रास्ते पर फ्लाई ओवरब्रिज बनाने के प्रस्ताव को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया है। बैठक में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी गरिमा मलिक, एसडीओ, डीएसपी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

