Home मुख्य अपने सूचना तंत्रों को सुदृढ करें थानाध्यक्ष: एसएसपी। Voice of Darbhanga
मुख्य - October 5, 2018

अपने सूचना तंत्रों को सुदृढ करें थानाध्यक्ष: एसएसपी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी गरिमा मलिक ने शुक्रवार को दुर्गापूजा शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कड़ी चौकसी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने सूचना तंत्र को मजबूत करें। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जहां जरूरत पड़ती है वहां निरोधात्मक कार्रवाई करें। शराब तस्करों पर कड़ी नजर रखें।
उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बहाल रखने को लेकर शरारती तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है। एसएसपी के रूप में पदभार संभालने के बाद अपनी पहली क्राइम मीटिंग में वे जिले के एसडीपीओ, इंस्पेक्टर व थानाध्यक्षों को संबोधित कर रही थीं। एसएसपी ने दुर्गापूजा व चेहल्लुम को लेकर थानाध्यक्ष को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध करने को भी उन्होंने कहा। पूजा पंडालों में लोगों की सुरक्षा के लिए सादे लिबास में भी पुलिस कर्मियों को तैनात करने का उन्होंने निर्देश दिया। एसएसपी ने एसडीपीओ व थानाध्यक्षों को थाना एवं प्रखंड स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित रूट का पालन हर हाल में कराने का निर्देश दिया। वहीं दूसरी ओर एसएसपी ने थानाध्यक्षों को ससमय गश्ती पर निकलने का निर्देश दिया। जिले के सीमावर्ती थानाध्यक्षों को विशेष चौकसी बरने के साथ ही वहां से गुजरने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश एसएसपी ने दिया। शहर में नियमित रूप से वाहन चेकिंग के अलावा यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्देश एसएसपी ने दिया। उन्होंने बाइक पर ट्रिपल लोडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी ने भीड़ भाड़ वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। बैंकों व एटीएम की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखने की उन्होंने हिदायत दी। बैठक में सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, डीएसपी (मुख्यालय) प्रफुल्ल कुमार सिन्हा, बिरौल एसडीपीओ दिलीप कुमार झा, बेनीपुर एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी आदि मौजूद थे।

Share

Leave a Reply