
स्कूल गुरु से हुए समझौते के खिलाफ लोजपा ने किया प्रदर्शन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शुक्रवार को लनामिविवि में स्कूल गुरु मामले को लेकर धरना- प्रदर्शन किया गया। इसमें काफी संख्या में लोजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे। 6 सूत्री मांगों को ले धरना के बाद आयोजित सभा में जिलाध्यक्ष गगन कुमार झा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्कूल गुरु के साथ जो समझौता किया है वह अवैध है। इसकी स्वीकृति राज्यपाल कार्यालय से नहीं ली गई है। समझौता के माध्यम से विश्वविद्यालय की राशि का बंदरबांट हो रहा है। जबकि, यहां कार्यरत कर्मियों को सिर्फ पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता है। उन्होंने अवैध रूप से किए गए अनुबंध को अविलंब रद करने, दूरस्थ शिक्षा निदेशक को यथाशीघ्र पद से हटाने, रिजल्ट में गड़बड़ी को सुधारने, नामांकन के समय ही छात्रों को पुस्तक उपलब्ध कराने एवं पुस्तक और कापी की खरीदारी में हो रही अनियमितता की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। मौके पर अन्य कई कार्यकर्ताओं ने भी विचार रखे। इसके बाद करीब दो घंटे तक विवि प्रशासन के साथ उनकी वार्ता हुई। कुलसचिव कर्नल निशिथ कुमार राय ने बताया कि वार्ता में उनके मांगों से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा हुई। तत्काल तो कुछ निराकरण नहीं हो सका। आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 15 दिनों का समय दिया है। अब देखते हैं कि इसके भीतर इस सब का समाधान कैसे होगा। प्रोवीसी प्रो. जय गोपाल की अध्यक्षता में हुई वार्ता के दौरान अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ. भोला चौरसिया, कुलानुशासक डॉ. अजीत कुमार चौधरी, उप कुलानुशासक डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सुमन, दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. सरदार अरविंद सिंह, उपनिदेशक डॉ. विजय कुमार आदि मौजूद थे। जबकि धरना में रोहित मिश्रा, अधिवक्ता राजा मुराद, गुलरेज अहमद, मोहम्मद चांद, सौरभ झा, रजनीश मिश्रा आदि मौजूद थे।

