
एल्युमिनाई मीट में जुटेंगे कई नामचीन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: उत्तर बिहार के प्रमुख स्कूलों में से एक एमएल एकेडमी, दरभंगा के पूर्ववर्ती छात्रों ने स्कूल के विकास में सहभागी बनने का निर्णय लिया है। सभी पुराने छात्र अपने स्कूल के एसोसिएशन के साथ जुड़ रहे हैं। इस स्कूल के कई छात्र अपने-अपने फील्ड में सर्वोच्च स्थान पर हैं। मसलन कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा, मुख्य सचिव, बिहार दीपक कुमार, मुख्य सचिव, असम डॉ. अजय सिंह, डीजीपी, गुजरात मोहन झा, डीजी आरपीएफ अरुण कुमार आदि।
11 नवंबर को स्कूल प्रांगण में एल्यूमिनाई मीट का आयोजन किया जाएगा। इसमें इस स्कूल के सभी पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। ये बातें एमएल एकेडमी एल्यूमिनाई एसोसिएशन की प्रथम वर्षगांठ पर रविवार को स्कूल प्रांगण में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के सचिव मणिकांत झा ने कही।
उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर 2017 को दिल्ली में इस एसोसिएशन का प्रथम सम्मलेन हुआ था, जिसमें करीब 350 पूर्ववर्ती छात्र शामिल हुए थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार हैं, जो वर्तमान में आरपीएफ के डीजी हैं। एसोसिएशन के पेट्रॉन बिहार के मुख्य सचिव दीपक कुमार और उपाध्यक्ष आयकर आयुक्त नरेश कुमार बदोलिया हैं। मौके पर डॉ. विश्व भारती, प्रिंसिपल प्रशांत झा, मनीष कुमार, संतोष झा, राकेश कुमार झा भानू, संजीव मिश्र आदि मौजूद थे।

