
आवास योजना के नाम पर ठगी करने वाले दो युवकों को कालिख पोत की गयी पिटाई। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के हाबीभौआर पंचायत के नरही टोला पर मंगलवार की शाम सरकारी कर्मी बन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पेड़ से बांधकर चेहरे पर कालिख पोत दिया और जमकर पिटाई की। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों युवकों की चिकित्सा कराने के बाद पूछताछ में जुटी है। उनकी बाइक जब्त कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोटगाह गांव के बैजूलाल देव एवं नडेगा के सचिनलाल देव एक बाइक से नरही टोला के छोटे कमती के घर पर पहुंचे। खुद को सरकारी कर्मी बताकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलवाने के नाम पर 60 हजार रुपये की मांग की। छोटे की पत्नी अरहुलदाय देवी को आवास के लिए फोटो खींचवाने के लिए कहा। वह फोट़ो खींचवाने और रुपये देने के लिए तैयार हो गई। दोनों युवकों ने कहा कि घर के दरवाजे पर तकिया के नीचे में रुपये रख दो। अरहुलदाय ने तकिया के नीचे 60 हजार रुपये रख दिया। एक युवक आंगन के एक कमरे में अरहुलदाय देवी को बंद कर फोटो खींचने लगा और दूसरा युवक तकिया के नीचे से रुपये ले लिया और जल्दी करो कहने लगा। दोनों युवकों के हाव भाव को देखकर घर की अन्य महिलाओं को संदेह हुआ। वे रुपये वापस करने की मांग करने लगी। इस पर दोनों युवक वहां से बाइक से भागने का प्रयास करने लगे। महिलाओं ने दोनों को घेर लिया। शोरगुल सुनकर टोला के अन्य लोग भी पहुंच गए। सबने मिलकर दोनों को एक पेड़ से बांध दिया। मुंह पर कालिख पोतकर जमकर धुनाई की। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बहेड़ा थाना पुलिस को दी। बहेड़ा दारोगा मनु राजवंशी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनका बहेड़ा राजकीय अस्पताल में इलाज कराया। इस बीच अधुलुआम गांव के बालचन्द कमती एवं शनिचर कमती ने थाने पहुंचकर दोनों युवकों की पहचान की। पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उनके घर पर भी जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने के नाम पर फोट़ो खींचा था और उनसे तीन हजार रुपये तथा तकिया के नीचे से पत्नी का मंगल सूत्र लेकर चंपत हो गया था। पुलिस ने नरही टोला के छोटे कमती की पत्नी से लिए गए रुपये को वापस करा दिया। दारोगा राजवंशी ने बताया कि दोनों युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न गरीब हितैषी योजनाओं का लाभ दिलवाने के नाम पर सरकारी कर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।

