
ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार केलिए प्रभावकारी है सरकार की सात निश्चय योजना: डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गांव में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में सरकार के सात निश्चय की योजना काफी प्रभाव कारी हो रही है । आम जनो की सहभागिता के साथ इसका सही तरीके से क्रियान्वयन बहुत जरूरी है। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने हायाघाट प्रखंड के घोषरामा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय घोषरामा में आयोजित लोक संवाद कार्यक्रम में उक्त बातें कहीं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा लोगों ने अपनी अपनी समस्याएं भी जिलाधिकारी को सुनाई जिसका त्वरित समाधान करने का निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
पंचायत के सरपंच सरोज सिंह ने गांव में स्थित मध्य विद्यालय घोषरामा में इंटर तक की पढ़ाई शुरू करवाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अगले सत्र से इंटर तक की पढ़ाई इस विद्यालय में जरूर शुरू करा दे। गांव में स्थित स्वास्थ्य केंद्र को और सुविधा संपन्न बनाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया।
पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने पर जिलाधिकारी ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की प्रशंसा की । उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि लोग शौचालय का नियमित रूप से प्रयोग करें। इससे सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी संरक्षण होता है।
लोक संवाद कार्यक्रम में पोषण अभियान के बारे में भी लोगों को बताया गया। लोगों से अनुरोध किया गया है कि सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना ,कन्या उत्थान योजना तथा टीकाकरण के सभी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के बारे में भी जानकारी दी गई तथा इच्छुक व्यक्तियों से कहा गया कि वे प्रखंड विकास पदाधिकारी से संपर्क कर इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन करें।
स्वच्छ जीविका स्वच्छ ग्राम संगठन कार्यक्रम के तहत खुले में शौच मुक्त बन चुके पंचायत के सात ग्राम संगठनों को जिलाधिकारी ने तीन हजार रुपए तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिन लोगों ने अपने घरों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं लिया है उन्हें निशुल्क बिजली कनेक्शन लेने तथा बिजली का सदुपयोग करने एवं समय पर बिजली बिल भुगतान करने के बारे में भी जिलाधिकारी ने जानकारी दी।
लोक संवाद कार्यक्रम में सिविल सर्जन ,जिला शिक्षा पदाधिकारी, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, डीपीएम जीविका ,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया रूबी सिंह , आनंदपुर के मुखिया विजय कुमार पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी हायाघाट समेत अन्य पदाधिकारी व काफी संख्या में जीविका दीदी तथा आम जन उपस्थित थे

