
नियमों को धत्ता बताते हुए डीएमसीएच में उपयोग हो रहे गैस सिलेंडर में आग से अफरातफरी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: डीएमसीएच के सर्जिकल भवन के बरामदे में गुरुवार को खाना पकाने के दौरान छोटे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। इससे मरीजों व परिजनों में अफरातफरी मच गई। धमाका होने की आशंका में लोग भागने लगे। इसी दौरान एक युवक ने गैस सिलेंडर को बगल के नाले में फेंक दिया। नाले में पानी जमा रहने से सिलेंडर में लगी आग बुझ गई। गनीमत थी कि गैस सिलेंडर में धमाका नहीं हुआ। धमाका होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए मरीजों के करीब छह परिजन सर्जिकल भवन के बरामदे में छोटे रसोई गैस सिलेंडर पर खाना पका रहे थे। इसी दौरान समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के करियन बलहा गांव निवासी श्याम सुंदर की पुत्री नीलम कुमारी के रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई।
आग लगने के बाद उसके अलावा अगल-बगल बैठीं महिलाएं भी चीखने-चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर विभिन्न वार्डों में मौजूद कई परिजन भी इधर-उधर भागने लगे। इस बीच, एक साहसी युवक ने सिलेंडर को नाले में फेंक दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलने पर सर्जिकल विभाग परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
डीएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. बालेश्वर सागर ने बताया कि विभिन्न विभागों में तैनात गार्डों को वार्ड में रसोई गैस सिलेंडर पर खाना बनाने से परिजनों को रोकने की हिदायत दी गई है। यदि इस पर रोक नहीं लगाते हैं तो संबंधित गार्ड पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पूर्व में हुईं घटनाओं के बावजूद वार्ड व बरामदे में छोटे रसोई गैस सिलेंडरों पर खाना पकाने का सिलसिला जारी है। अस्पताल प्रशासन इस पर रोक लगाने में सफल नहीं हो रहा है।

