
घनश्यामपुर में मिली सूर्यदेव की प्राचीन मूर्ति। Voice of Darbhanga

दरभंगा: घनश्यामपुर सीएचसी के सामने आम के बागीचे से शुक्रवार की सुबह भगवान विष्णु की एक दुर्लभ प्रस्तर प्रतिमा मिली है। बताया जाता है कि गांव के ही गौड़ी झा तथा गजेंद्र झा के आम के पुराने बागीचे में मजदूर पेड़ लगा रहे थे। पौधरोपण के लिए मिट्टी हटाने पर जमीन के नीचे काले पत्थर की आकृति दिखाई दी।
मजदूरों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सावधानी से खुदाई करने पर जमीन के नीचे दबी लगभग साढ़े तीन फीट काले पत्थर पर बनी भगवान विष्णु की दुर्लभ प्रस्तर प्रतिमा मिली। इसे गंगाजल से साफ कर गांव का परिभ्रमण कराया गया। विष्णु की प्रतिमा निकलने की खबर चारों तरफ जंगल की आग की तरह फैल गयी। दर्शन के लिए दूर-दराज के गांव से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्रामीण प्रतिमा को पछबारी टोला के महादेव मंदिर पर रखकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। जानकार सूत्रों के मुताबिक प्रथमदृष्टया यह प्रतिमा पुरातात्विक महत्व की दुर्लभ कृति है। एक ही पत्थर को तराशकर इस पर भगवान विष्णु की गदा, शंख, पद्म धारण किये कृति उकेरी गयी है। दोनों तरफ ऊपर जया एवं विजया की आकृति है। नीचे आधे दर्जन देवी-देवताओं की आकृति उकेरी गयी है। इससे पूर्व इसी स्थान से गणेश की लगभग तीन फीट ऊंची दुर्लभ प्रतिमा मिली थी। इससे गांव में उत्सव का माहौल है। पंचायत के मुखिया बच्चा झा ने बताया कि ग्रामीणों की बैठक में प्रतिमा को रखने के स्थान पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्रतिमा को शिव मंदिर में रखकर पूजा-अर्चना की जा रही है

