
मौसम अनुकूल खेती का सुझाव देकर किसानों को करें जागरूक: डीडीसी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो ने किसान सलाहकार और कृषि समन्वयकों से मौसम के अनुकूल खेती करने का सुझाव किसानों को देकर जागरूक करने की अपील की है। कहा है कि जिले की नब्बे फीसद आबादी कृषि पर निर्भर है। लेकिन, वर्तमान परिस्थिति में मौसम की बेरुखी के कारण किसानों की हालत काफी खराब है। इस बार खरीफ मौसम में वर्षापात काफी कम हुई है। इससे रबी की फसल प्रभावित हो सकती है। ऐसे में कृषि विभाग का दायित्व काफी बढ़ जाता है। वे बहुद्देशीय भवन में जिलास्तरीय रबी कार्यशाला का उदघाटन कर रहे थे। कहा कि खेती के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि किसानों के फसल के लिए ¨सचाई की पुख्ता व्यवस्था हो। इस जिले में 255 सरकारी नलकूप है। लेकिन, 56 ही कार्यरत है। सरकार ने सभी नलकूप को चालू करने का निर्णय लिया है। अधिकतर जगहों पर ऑपरेटर नहीं रहने की वजह से नलकूप बंद है। अब किसान समूह और एनजीओ के माध्यम से ऑपरेटर की तैनाती की जाएगी। मिट्टी रसायन के संयुक्त निदेशक विनय पांडेय ने किसानों के खेतों की मिट्टी जांच करने को लेकर हो रही कठिनाई के बारे में जानकारी दी। डीएओ समीर कुमार ने बताया कि सरकार ने खरीफ फसल में पांच पटवन के लिए डीजल अनुदान की राशि देने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक पंचायत में कृषि कार्यालय खोला जाएगा। जहां हर हाल में किसान सलाहकार मौजूद रहेंगे। 1 नवंबर से यह कार्यालय काम करना शुरू कर देगा। आत्मा के परियोजना निदेशक मो. शकील अख्तर अंसारी ने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुणी करने के लिए समेकित खेती के लिए जागरूक करने की आवश्यकता है। मौके पर डीडीएम नाबार्ड, जिला पशुपालन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक उद्यान कमलेश महतो, अग्रणी बैंक प्रबंधक, कृषि समनबयक और किसान सलाहकार मौजूद रहे।

