Home मुख्य एक महीने के अंदर करें भूअर्जन से सम्बंधित सभी लंबित मुआवजा भुगतान :डीएम। Voice of Darbhanga
मुख्य - October 13, 2018

एक महीने के अंदर करें भूअर्जन से सम्बंधित सभी लंबित मुआवजा भुगतान :डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भू अर्जन से संबंधित जितने भी भू धारियों के मुआवजा का भुगतान लंबित है उसकी युद्ध स्तर पर जांच कर भुगतान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जिला भू अर्जन शाखा के निरीक्षण के क्रम में जिला भू अर्जन पदाधिकारी को उक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के आवेदन प्राप्त हो गए हैं उसकी जांच कर एक सप्ताह के अंदर भुगतान की कार्रवाई पूरी करें। जिन लोगों ने भुगतान हेतु अपना आवेदन अथवा अन्य जरूरी कागजात जमा नहीं किए हैं वैसे लोगों से कागजात प्राप्त करने के लिए संबंधित गांव में कैंप लगाएं एवं युद्ध स्तर पर उसकी जांच कर उसका भी भुगतान करें। अमीन एवं कानून को भी अपने कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दी गई । भुगतान में होने वाले किसी भी विलंब के लिए दोषी कर्मी को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में एस एच 88 – समस्तीपुर से रसियारी रोड के लिए भूमि अधिग्रहण, मधेपुर ठेंगहा घाट में कमला नदी पर पुल एवं पहुंच पथ के लिए जमीन अधिग्रहण तथा गंडौल विरोल एस एच 17 पथ तथा जिला में चल रहे अन्य प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की स्थिति एवं मुआवजा भुगतान की समीक्षा की गई।
गंडौल- विरोल उच्चपथ 17 के सभी रिकार्ड की जिलाधिकारी ने जांच की। इस प्रोजेक्ट के लिए 10 मौजा में भू अधिग्रहण किया गया, जिसमें 870 लोगों की जमीने ली गई है । 870 भू धारियों में से 465 भू धारियों के बीच 51 करोड़ की राशि का भुगतान हो चुका है । अभी भी 41 करोड़ 72 लाख रुपए का भुगतान होना बाकी है । जिला भू अर्जन कार्यालय के कर्मी ने बताया कि आरटीजीएस के माध्यम से 11 करोड़ 38 लाख रुपए भू धारियों के खाते में भेजे जा रहे हैं । जिलाधिकारी ने सोमवार तक सम्बन्धित भूधारियों के खाते में हर हालत में राशि भेजना सुनिश्चित करने को कहा।
राष्ट्रीय उच्च पथ 17 गंडौल बिरौल पथ के लिये भू अर्जन से संबंधित पुनाछ एवं परसरमा में भुगतान से संबंधित कागजातों की जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जांच की। पुनाछ् के 171 भू धारियों में से 41 का ही अब तक भुगतान हुआ था। परसरमा के 158 में से 35 धारियों को मुआवजा का भुगतान किया गया था।
जिलाधिकारी ने पुनाछ मौजा से संबंधित 75 लंबित आवेदनों के कागजातों की 24 घंटे में जांच कर अग्रेत्तर कार्यवाई करने को कहा। परसरमा मौजा के भी लंबित आवेदनों की त्वरित जांच पूरी करवाकर भुगतान की कार्यवाही करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जिला भू अर्जन पदाधिकारी वीरेंद्र नारायण पांडेय को आवेदन पंजी, रेकार्ड एवं अन्य अभिलेखों के के सही रखरखाव एवं उनके सही निस्तारण की प्रक्रिया ऑफिस में सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों से प्राप्त आवेदन के निस्तारण की समय सीमा भी निश्चित कर उसी समय सीमा में लोगों को मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करावे।।

Share

Leave a Reply