
ट्रक की बाइक से टक्कर में एक की मौत, एक घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के बहेड़ा-बहेड़ी मुख्य मार्ग में जरिसो गांव के निकट सोमवार को ओवरटेक करने के दौरान बाइक ट्रक से टकरा गई। मौके पर ही बाइक चालक साले की मौत हो गई। जबकि जीजा को इलाज के लिए बहेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध रहा।
जानकारी के मुताबिक, बिरौल थाने के सहसराम गांव के आनंद राम का पुत्र सत्यनारायण राम (25) एवं अपने जीजा बहेड़ी थाने के सुसारी निवासी रामविलास राम के पुत्र प्रमोद राम (24) के साथ पैशन प्रो बाइक से बहेड़ा बाजार आ रहा था। जरिसो गांव के निकट बालू लदे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक का अगला चक्का ट्रक के अंदर चला गया। ट्रक ने बाइक को करीब दस फुट तक घसीटा। बाइक चालक सत्यनारायण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि प्रमोद बाइक से फेंका जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची बहेड़ा पुलिस की गश्ती टीम ने उसे इलाज के लिए बहेड़ा पीएचसी पहुंचाया। बहेड़ा थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। ट्रक एवं बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। बीडीओ जगत नारायण मिश्र ने पारिवारिक लाभ योजना से मृतक के परिजन को बीस हजार रुपये दिया। थानाध्यक्ष सिन्हा ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

