
साप्ताहिक समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए डीआईजी ने गिनायी पुलिस की उपलब्धियाँ। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा प्रमंडल में दुर्गा पूजा का त्योहार शांति के माहौल में संपन्न कराने को लेकर 107 के तहत दरभंगा में 8697, मधुबनी में 6018, और समस्तीपुर में 3116 लोगों से बॉन्ड भरवाया गया है। वहीं 116 के तहत दरभंगा में 1884, मधुबनी में 308 और समस्तीपुर में 917 लोगों को बॉन्ड भराई गई है। उक्त बातें रेल डीआईजी और दरभंगा प्रमंडल के प्रभार में रह रहे पुलिस उपमहानिरीक्षक वीरेंद्र नारायण झा ने पत्रकार सम्मेलन कर कहीं। उन्होंने कहा कि बड़ी तादाद में 113 के तहत भी लोगों पर कारवाई की गई है। हर हाल में दरभंगा प्रमंडल में शांतिपूर्ण त्योहार मनाए जाने को लेकर जगह-जगह पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि 1 हफ्ते के अंदर तीनों जिलों में 140 शराब कारोबारियों की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें दरभंगा में 59, मधुबनी में 45 और समस्तीपुर में 36 लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस बीच तीनों जिलों में 1780 लिटर देसी शराब और 4333 लीटर विदेशी शराब जप्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बीच 6 लाख 46 हजार दो सौ 50 रुपए जुर्माने के रूप में वाहनों से वसूले गए हैं। उन्होंने बताया कि दो पिस्टल, 7 कारतूस, 23 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 3 पिकप वान, 3 कार, चार स्कॉर्पियो, 8 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 3 लाख 80 हजार रुपये बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रमंडल क्षेत्र में दरभंगा में 114, मधुबनी में 152 और समस्तीपुर में 233 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें कई फरार चल रहे नामी गिरामी अभियुक्त को भी पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि नगर थाना, सदर, बहादुरपुर के अलावा घोघरडीहा मधुबनी हरलाखी जयनगर दलसिंहसराय समस्तीपुर के भी कई नामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

