
सांढ़ के हमले में वृद्ध की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहेड़ी प्रखंड के वकमंडल गांव के बृजकिशोर सिंह(80) को शनिवार की देर रात बिगड़ैल सांढ़ ने सींग से हमला कर मार डाला। वृद्ध पेशाब करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच वहां पहले से मौजूद सांढ़ ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने सांढ़ से जान बचाने की भरसक कोशिश की, पर कामयाब नहीं हो सके। शोर सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचे, वृद्ध की मौत हो चुकी थी।
श्री सिंह की एकमात्र संतान 55 वर्षीय पुत्र उमेश प्रसाद सिंह हैं। वहीं, चार पौत्र संतोष सिंह, अवधेश सिंह, कमलेश सिंह एवं रमन सिंह हैं। घटना के बाद परिवार तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। गांव ही नहीं, आसपास के गांवों में भी सांढ़ से लोग दहशत में हैं। विदित हो कि इससे पहले भी वह सांढ़ कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर चुका है। सांढ़ के हमले में घायल इसी गांव के रामचंद्र सिंह (65) अब भी डीएमसीएच में इलाजरत हैं।

